UP: गाजीपुर, देवरिया और श्रावस्ती में जल ज्ञान यात्रा, 'सुनो गांव-शहर के भाई, बिन जल न जीवन बच पाई….'

Jal Gyan Yatra: स्कूली बच्चों को ग्रामीणों को दी जा रही पानी सप्लाई की प्रक्रिया भी दिखाई गई। पानी टंकी और पम्प हाउस कैसे काम करता है, बताया गया। हर घर जल योजना से ग्रामीणों को मिल रहे लाभ की जानकारी दी गई।

Network
Newstrack Network
Published on: 22 Dec 2023 2:50 PM GMT
Jal Gyan Yatra
X

गाजीपुर, देवरिया और श्रावस्ती में जल ज्ञान यात्रा (Social Media)

Jal Gyan Yatra: प्रदेश भर में जल ज्ञान यात्रा की अलख जगाई जा रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार (22 दिसंबर) को गाजीपुर, देवरिया और श्रावस्ती में जल ज्ञान यात्रा आयोजित की गई। गाजीपुर में तो स्कूली बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। यहां मनिहारी की उच्च प्राथमिक कन्या विद्यालय की कक्षा सात में पढ़ने वाली अंजलि ‘सुनो गांव-शहर के भाई, बिन जल न जीवन बच पाई….’ जल गीत सुना रही थीं, तो दूसरी ओर कक्षा आठ की प्रीति, आफरीन बानो और कक्षा सात की किरन कुमारी जल पर ‘नाटक’ प्रस्तुत कर रहे थे।

जल जागरूकता की अलख जगी

जल जागरूकता की अलख जगाते स्कूली बच्चे हाथों में जल संरक्षण के स्लोगन लिखी तख्तियां पकड़े गांव में जागरूकता फैला रहे थे। कुछ इस तरह का माहौल गाजीपुर के मनिहारी खण्ड के गुरैनी गांव में भी देखने को मिला। यहां नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग की अनूठी पहल जल ज्ञान यात्रा का आयोजन किया गया। खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, मनिहारी से जल निगम (ग्रामीण) के अधिशासी अभियंता मो. कासिम हाशमी, खण्ड शिक्षा अधिकारी हेमवंत कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया।

'हर घर जल योजना' के बारे में बताया गया

'देवों की नगरी' कहे जाने वाले गोरखपुर के देवरिया जिले में बड़ी संख्या में सरकारी स्कूल के बच्चों ने भाग लिया। उन्हें जल संरक्षण की जानकारी देने के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी 'जल जीवन मिशन' की 'हर घर जल योजना' की जानकारी दी गई। बच्चों को ग्रामीणों के घरों तक लगाए जा रहे नल कनेक्शन और प्रदान किये जा रहे स्वच्छ जल के बारे में बताया गया। उनको ग्राम्य पेयजल योजना का भ्रमण कराने के साथ ही जल गुणवत्ता की जांच के फायदे भी गिनाए गये।

ज्ञान यात्रा के साक्षी बने बच्चे

वहीं, श्रावस्ती के स्कूली बच्चों ने शिक्षा के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में चल रही जल जीवन मिशन की हर घर जल योजना (Har Ghar Jal) के बारे में जानकारी प्राप्त की। श्रावस्ती के एडीएम (वित्त एवं राजस्व) अमरेन्द्र कुमार वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर जल ज्ञान यात्रा का शुभारंभ किया। जल ज्ञान यात्रा में उत्साही बच्चों ने पूरी रुचि दिखाते हुए बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस ज्ञान यात्रा के साक्षी बने। जल जीवन मिशन की यात्रा के दौरान बच्चों को औरैया निधान पेयजल योजना के बारे में बताया गया।

लैब में जल जांच कर दिखाया गया

ग्रामीणों को दी जा रही पानी सप्लाई की प्रक्रिया भी दिखाई गई। पानी टंकी और पम्प हाउस कैसे काम करता है, बताया गया। हर घर जल योजना से ग्रामीणों को मिल रहे लाभ की जानकारी दी गई। उत्सुक बच्चों को जल निगम (ग्रामीण) लैब कर्मी ने जल जांच का परीक्षण भी करके दिखाया। पूरी यात्रा के माध्यम से बच्चों ने पेयजल परियोजनाओं के बारे में जाना साथ ही शुद्ध पेयजल के लाभों के बारे में भी ज्ञान प्राप्त किया।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story