×

KGD College: कॉलेज ने मनाया 51वां स्थापना दिवस, विधायक प्रतिनिधि ने जिम और हॉल बनवाने का किया एलान

आलमबाग क्षेत्र स्थित कॉलेज में विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की प्रतिनिधि ने ओपन जिम और कांफ्रेंस हॉल बनवाने का एलान किया। स्थापना दिवस के मौके पर विधायक प्रतिनिधि ने कॉलेज की 10 छात्राओं की भी जिम्मेदारी उठाने का वादा किया।

Abhishek Mishra
Published on: 14 Feb 2024 1:45 PM GMT
KGD College: कॉलेज ने मनाया 51वां स्थापना दिवस, विधायक प्रतिनिधि ने जिम और हॉल बनवाने का किया एलान
X

KGD College: कृष्णा देवी गर्ल्स डिग्री कॉलेज में बुधवार को 51वां स्थापना दिवस मनाया गया। आलमबाग क्षेत्र स्थित कॉलेज में विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की प्रतिनिधि ने ओपन जिम और कांफ्रेंस हॉल बनवाने का एलान किया। स्थापना दिवस के मौके पर विधायक प्रतिनिधि ने कॉलेज की 10 छात्राओं की भी जिम्मेदारी उठाने का वादा किया।

कॉलेज में जिम और हॉल बनवाने का एलान

कृष्णा देवी कॉलेज गर्ल्स कॉलेज ने बसंत पंचमी पर 51वां स्थापना दिवस मनाया। यहां सरोजनीनगर क्षेत्र से विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की प्रतिनिधि नेहा सिंह विशिष्ट अतिथि के रुप में मौजूद रहीं। विधायक प्रतिनिधि ने कॉलेज की 10 छात्राओं का संपूर्ण जिम्मेदारी और कॉलेज में ओपन जिम व कांफ्रेंस हॉल बनाने का ऐलान किया। कॉलेज प्राचार्या प्रो. सारिका दुबे ने कहा कि बसंत पंचमी का शुभ अवसर धार्मिक अनुष्ठान नहीं है। बल्कि अशुद्धि से शुद्धि की ओर और असत्य से सत्य की ओर बढ़ना है। प्राचार्या ने फ्री वाई-फाई, डिजिटल लाइब्रेरी, तारा शक्ति केंद्र व डिजिटल डिस्पले पैनल उपलब्ध कराने के लिए विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह का धन्यवाद दिया।



छात्राओं को भेंट किए बैग्स

कॉलेज प्राचार्या सारिका दुबे ने कहा कि इन सभी के माध्यम से छात्राओं के कौशल उन्नयन व शैक्षणिक समृद्धि में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में प्रतिनिधि नेहा सिंह ने विधायक राजेश्वर सिंह की ओर से संचालित तारा शक्ति सिलाई केंद्र में बने बैग्स छात्राओं को भेंट किए। यहां हस्तशिल्प प्रदर्शनी भी लगाई गई। छात्राओं ने कई तरह के फोटो फ्रेम, वॉल हैंगिंग, फ्लावर मेकिंग का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. दीपशिखा पाल और डॉ. सत्या शुक्ला ने किया।



सिविल सेवा केंद्र की होगी शुरुआत

स्थापना दिवस समारोह में प्राचार्या प्रो. सारिका दुबे और सभी शिक्षिकाओं ने उत्तरदायित्व ग्रहण संकल्प योजना के तहत एक छात्रा की शैक्षणिक व आर्थिक जिम्मेदारी लेने का संकल्प लिया। यहां अभूतपूर्व प्रतिभा के लिए बीए छठवें सेमेस्टर की छात्रा साक्षी दुबे को कृष्णा देवी गौरव सम्मान दिया गया। समारोह में प्राचार्या प्रो. सारिका दुबे ने ‘मार्गदर्शन’ नामक निशुल्क सिविल सेवा केंद्र संचालित करने का ऐलान किया। इस केंद्र के माध्यम से छात्राओं को सिविल सेवा की तैयारी करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

Abhishek Mishra

Abhishek Mishra

Correspondent

मेरा नाम अभिषेक मिश्रा है। मैं लखनऊ विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट हूं। मैंने हिंदुस्तान हिंदी अखबार में एक साल तक कंटेंट क्रिएशन के लिए इंटर्नशिप की है। इसके साथ मैं ब्लॉगर नेटवर्किंग साइट पर भी ब्लॉग्स लिखता हूं।

Next Story