Lucknow News: लखनऊ में तेंदुआ दिखने से हड़कंप, कुकरैल और आसपास के इलाकों में अलर्ट

Lucknow News: लखनऊ के कुकरैल पिकनिक स्पॉट में तेंदुआ देखे जाने के बाद से हड़कंप मच गया है।

Santosh Tiwari
Published on: 28 Oct 2024 7:17 AM GMT
Lucknow News
X

Lucknow News

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के कुकरैल पिकनिक स्पॉट में तेंदुआ देखे जाने की खबर से हड़कंप मच गया है। देर रात क्षेत्र में गश्त कर रही PRV ने तेंदुआ दिखने की सूचना वन विभाग को दी थी। इसके बाद आसपास के लोगों को जंगल में जाने से रोक दिया गया है। साथ ही वन विभाग की टीम को गश्त के लिए इलाके में तैनात किया गया है। हालांकि, अभी तक तेंदुए की मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। टीम उसकी तलाश में जुट गई है।

पगमार्क तलाश रही टीम

जानकारी के अनुसार रात करीब 3 बजे इलाके में गश्त कर रही 112 की PRV पर तैनात पुलिसकर्मियों को तेंदुआ दिखा। इसकी सूचना उन्होंने तत्काल वन्य अधिकारियों को दी। सूचना के बाद अधिकारियों ने टीम को मौके पर रवाना किया। हालांकि, जांच के दौरान कहीं पर भी तेंदुआ नहीं दिखा। फिलहाल गश्त के लिए एक टीम को मौके पर तैनात किया गया है। अब वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी तेंदुए के पगमार्क तलाश रहे हैं। अभी तक तेंदुए की मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। एहतियात के तौर पर अधिकारियों ने आसपास रहने वाले लोगों को जंगल में जाने से मना कर दिया है। साथ ही सभी से सतर्क रहने की अपील भी की गई है। अधिकारियों ने लोगों से कहा कि यदि उन्हें कहीं तेंदुआ आदि कुछ भी दिखे तो तत्काल इसकी सूचना दें।

पीजीआई में भी हाल में दिखा था तेंदुआ

हाल ही में पीजीआई इलाके के वृंदावन में भी तेंदुआ देखे जाने की सूचना से हड़कंप मच गया था। लोगों ने सीसीटीवी कैमरे में भी तेंदुआ देखे जाने के दावे किए थे। हालांकि जांच में वन्य अधिकारियों को मौके से तेंदुए की मौजूदगी के निशान नहीं मिले। इसके पहले मोहनलालगंज और गोसाईंगंज इलाके के कुछ गांवों में भेड़िया होने की सूचना ने भी दहशत फैलाई थी। जांच में इसकी भी पुष्टि नहीं हुई है। अब एक बार फिर कुकरैल इलाके में तेंदुए की आहट से लोगों में खौफ व्याप्त है। वन्य टीमें अपने स्तर से खोजबीन में जुट गई हैं।

Sonali kesarwani

Sonali kesarwani

Content Writer

Content Writer

Next Story