TRENDING TAGS :
Lucknow University: आश्रय गृह में मनाया समर्पण दिवस, पं. दीनदयाल उपाध्याय को किया याद
Lucknow University: लखनऊ विश्वविद्यालय की ओर से सरोजिनी नगर क्षेत्र के लोनहा गांव स्थित मातृ छाया आश्रय गृह में शनिवार को समर्पण दिवस मनाया गया। यहां प्रो. अनूप कुमार भारतीय ने मानसिक रूप से मंदित महिलाओं के बीच अपने विचार रखे।
Lucknow News (Pic:Newstrack)
Lucknow University: पं. दीनदयाल उपाध्याय सरीखे नेता ही एक मज़बूत राष्ट्र की नींव रखते हैं। आज समर्पण दिवस पर हम उन्हें सिर्फ़ याद न करें बल्कि राष्ट्र के प्रति सर्वस्व समर्पित करने को दृढ़ प्रतिज्ञ हों। उन्होंने एक ऐसे राष्ट्र की कल्पना की थी जिसमें ऊंच-नीच का कोई स्थान न था। यह बातें लखनऊ विश्वविद्यालय में स्थापित पं. दीनदयाल उपाध्याय शोधपीठ के निदेशक प्रो. अनूप कुमार भारतीय ने कहीं।
आश्रय गृह में मनाया समर्पण दिवस
लखनऊ विश्वविद्यालय की ओर से सरोजिनी नगर क्षेत्र के लोनहा गांव स्थित मातृ छाया आश्रय गृह में शनिवार को समर्पण दिवस मनाया गया। यहां प्रो. अनूप कुमार भारतीय ने मानसिक रूप से मंदित महिलाओं के बीच अपने विचार रखे। पं दीन दयाल उपाध्याय के पुण्यतिथि के मौके पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। समाज कार्य विभाग की छात्रा गरिमा सिंह और छात्र प्रदीप ने अपने विचार रखे। प्रो. भारतीय ने कहा कि एकात्म मानव दर्शन का मूल ही व्यक्ति के माध्यम से समाज का समग्र विकास है।
मंदित महिलाएं साक्षात देवियां
कार्यक्रम में उम्मीद संस्था के निदेशक बलबीर सिंह ने कहा कि ये महिलाएं मानसिक रुप से मंदित नहीं बल्कि साक्षात देवियां हैं। हम इनकी सेवा करने से भगवान को हासिल कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि आश्रय गृह में संवासिनियों के पोषण के लिए राज्यपाल ने दो गिर गायें दान की थीं। इसके बाद आश्रय गृह की महिलाओं को पोषण पोटली और राशन का समान दिया गया। शोध पीठ के रीसर्च असोसिएट डॉ. रोहित मिश्र ने गांव वालों को पं. दीनदयाल उपाध्याय के नाम से चल रही केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया। कार्यक्रम राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और एलयू के कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय के मार्गदर्शन में हुआ। इस मौके पर समाज कार्य विभाग के डॉ. ओमेन्द्र यादव, डॉ. रजनीश यादव, रमेश, हनुमान, संदीप आदि मौजूद रहे।