×

Lucknow Weather 11 November 2023: लखनऊ में बारिश से बढ़ी कंपकपी, जल्द दिखेगा 'सर्दी का सितम', जानिए कैसा रहेगा आज का हाल

Lucknow Ka Mausam 11 November 2023: मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार अगले दो दिन के भीतर तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। यह गिरावट अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में नजर आएगी, जिससे ठंड बढ़ेगी।

aman
Report aman
Published on: 11 Nov 2023 1:45 AM GMT (Updated on: 11 Nov 2023 1:44 AM GMT)
Lucknow Ka Mausam
X

Lucknow Ka Mausam (सभी फोटो: आशुतोष त्रिपाठी)

Lucknow Ka Mausam 11 November 2023: यूपी में सर्दी धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। दिन में भले ही सूर्य की किरणें ठंड का एहसास न होने दे, लेकिन शाम से गुलाबी सर्दी महसूस होने लगती है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में छोटी दिवाली यानि शनिवार तड़के सुबह से रूक-रूककर बारिश हो रही है, जिससे सर्दी और ज्यादा बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, मुरादाबाद, मथुरा, फिरोजाबाद में हल्की-फुल्की बूंदाबांदी हुई, जिसके बाद मौसम में ठंडक बढ़ गई। कई जिलों में ठंडी हवाओं का असर दिख रहा है। दिवाली से ठीक पहले मौसमी बदलाव ने सर्दी में इजाफा किया है। मौसम विभाग ने कुछ जिलों में बरसात का पूर्वानुमान जाहिर किया है।

लखनऊ स्थित मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि, उत्तर प्रदेश में जल्द ही मौसम का मिजाज बदलने वाला है। जिसका असर अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट के रूप में देखा जाएगा। लखनऊ समेत प्रदेश के जिलों में शनिवार (11 नवम्बर) सुबह से ही ठंड का असर दिखने लगेगा। साथ ही, कोहरे की तीव्रता भी बढ़ रही है।

लखनऊ में स्मॉग की चादर

लखनऊ मौसम केंद्र की ओर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज राजधानी का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। राजधानी में स्मॉग का व्यापक असर दिख रहा है। शहर में 9 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ़्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा की हवाएं चलेंगी। तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जाएगी। बाराबंकी, हरदोई, कानपुर शहर, कानपुर देहात, इटावा, लखीमपुर खीरी से लेकर गोरखपुर तक में न्यूनतम तापमान 12 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।

12 नवंबर को गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में बताया है कि, पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में 12 नवंबर को गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी के आसार हैं। राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाकों में दोपहर बाद बादलों की आवाजाही रह सकती है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी रहेगा।

लखनऊ में आज भी कोहरा

स्काईमेट वेदर के अनुसार, प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज भी कोहरा रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। रविवार (12 नवंबर) से तापमान में और कमी देखने को मिल सकती है। वहीं, नोएडा की बात करें तो यहां भी धुंध देखने को मिलेगी। यहां का न्यूनतम तापमान भी 16 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story