×

Lucknow Ka Mausam 07 October 2023: लखनऊ में दिन में खिली धूप तो रात में ठंड ने दी दस्तक, जानें कैसा रहेगा आज का वेदर

Lucknow Ka Mausam 07 October 2023: मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के लोगों को रात के वक़्त अब हल्की सर्दी का एहसास होने लगा है। कोहरा भी दस्तक दे सकता है। फिलहाल तापमान स्थिर रहने का पूर्वानुमान है।

aman
Report aman
Published on: 7 Oct 2023 1:32 AM GMT
Lucknow Ka Mausam
X

Lucknow Ka Mausam (Social Media)

Lucknow Ka Mausam 07 October 2023: यूपी से बारिश की लगभग विदाई हो चुकी है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में प्रदेश में वर्षा का ग्राफ और नीचे जाएगा। 11 अक्टूबर तक बूंदाबांदी के आसार नाम मात्र के ही रह जाएंगे। इस बीच राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के अन्य जिलों में गुलाबी ठंड शुरू हो गई है। दिनभर मौसम सामान्य रहने के बाद देर रात तक शीतलता बढ़ जाती है। 7 अक्टूबर को भी प्रदेश के किसी हिस्से में बारिश के आसार नहीं हैं।

इस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रहने की वजह से बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं हुआ है। न ही इस अवधि में कहीं भी बादलों की गर्जना और बिजली गिरने की कोई संभावना जाहिर की गई है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में कहा है कि, अगले चार दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में किसी प्रकार के बदलाव की कोई आशंका नहीं है।

लखनऊ में आसमान साफ, निकलेगी खिली धूप

लखनऊ का आसमान शनिवार को साफ रहेगा। बादलों की उपस्थिति के कोई संकेत नहीं हैं। आकाश पूरी तरह साफ रहने की वजह से खिली धूप निकलेगी। 07 अक्टूबर को शहर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम पारा 24 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा। खिली धूप निकलने के कारण सामान्य दिनों की तुलना में तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी। दिन में पश्चिम-दक्षिण दिशा की हवाएं 8 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ़्तार से चलेंगी। लेकिन, रात के समय आसमान साफ रहने से चांद का दीदार हो पाएगा। हालांकि, अब तक उमस लोगों को खासा परेशान कर रही थी, जिससे अब निजात मिल गई है।

7 से 9 अक्टूबर तक कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, 7 अक्टूबर को वेस्ट यूपी के जिलों में भी बादलों की आवाजाही नहीं रहेगी। आसमान पूरी तरह से साफ रहने वाला है। बारिश की किसी प्रकार की संभावना नहीं है। इसी तरह, पूर्वी यूपी में भी मौसम शुष्क रहेगा। इस अवधि में प्रदेश के दोनों ही हिस्सों में किसी तरह की कोई हलचल नहीं दिखाई देगी। इसी प्रकार, 8 अक्टूबर को भी पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसकी वजह सूबे के किसी भी हिस्से में बारिश-बिजली गिरने की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, विभाग ने 9 अक्टूबर को पश्चिमी यूपी में कुछ जगहों पर गरज चमक के साथ बरसात का पूर्वानुमान है।

रात में कोहरा दे सकता है दस्तक

विभाग के अनुसार, 06 अक्टूबर की रात से राजधानी के लोगों को हल्की सर्दी का एहसास होने लगा है। अब रात में कोहरा भी दस्तक दे सकता है। लखनऊ मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि 'फिलहाल तापमान स्थिर रहेगा। तापमान में किसी प्रकार का कोई बदलाव होता नजर नहीं आ रहा है।'

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story