UP Monsoon Session 2024: गरीबों को ठगने वालों में अधिकतर सपा के लोग.., विधानसभा में CM योगी का करारा प्रहार

UP Monsoon Session 2024: अकबरनगर मुद्दे पर उठाए गए सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंत नगर और इंद्रप्रस्थनगर की कार्रवाई को हमने स्थगित करवाया है लेकिन अगर आप देखेंगे तो गरीबों को ठगने वाले जितने भी भूमाफिया हैं।

Shishumanjali kharwar
Published on: 30 July 2024 10:20 AM GMT (Updated on: 30 July 2024 10:34 AM GMT)
lucknow news
X

विधानसभा में सीएम योगी का करारा प्रहार (सोशल मीडिया)

UP Monsoon Session 2024: राजधानी लखनऊ के अकबरनगर इलाके में अवैध कब्जेदारों पर की गई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी को कठघरे में खड़ा किया। विपक्ष की ओर से सदन में अकबरनगर मुद्दे पर उठाए गए सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंतनगर और इंद्रप्रस्थनगर की कार्रवाई को सरकार ने स्थगित किया है। लेकिन अगर आप देखेंगे तो गरीबों को सबसे ज्यादा ठगने वाले जितने भी भूमाफिया हैं। उनमें से अधिकतर समाजवादी पार्टी से जुड़े हुए लोग ही थे।

उन्होंने कहा कि इंद्रप्रस्थनगर और पंत नगर में जिन लोगों ने घरों पर लाल चिह्न लगाए हैं। सरकार ने उसकी पूरी रिपोर्ट तलब की है। अगर किसी ने गलत नीयत से किया होगा तो उसकी जवाबदेही भी तय होगी लेकिन अगर सावधानीवश केवल चिह्नित करने के लिए किया गया है तो यह कुकरैल नदी के पुनर्व्यवस्थापन के लिए लोगों को सावधान करने के लिए है।

विधायक रविदास मेहरोत्रा ने सदन में अकबरनगर में बुलडोजर एक्शन को लेकर राज्य सरकार से कई सवाल किये थे। जिसके जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि आप लखनऊ के इतिहास को जानते होंगे। लखनऊ में गोमती और कुकरैल नदी का संगम भी था। अकबरनगर 1984 के बाद से ही बसा है। इसमें ज्यादातर अवैध निर्माण था और यही कारण था कि यह मामला हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में भी टिक नहीं पाया। जिन लोगों को गलत तरीके से फर्जी कागजात दिखाकर रजिस्ट्री की थी, उन लोगों को हमने रिहैबिलिटेट किया है।

उन्होंने कहा कि अब अकबरनगर नाम का कोई नगर नहीं है, बल्कि अब वह सौमित्र वन बन गया है। सीएम योगी ने कहा कि लखनऊ को उसकी पहचान दिलाने के लिए भगवान श्रीराम के छोटे भाई लक्ष्मण के नाम पर उसको सौमित्र वन बना दिया गया है। सपा सदस्य को तो खुश होना चाहिए कि लखनऊ के लोगों ने आपको विधायक बनाया है और लखनऊ को हम नाइट सफारी दे रहे हैं। मतबल ये कि लाभ आप कमाएंगे और पैसा सरकार दे रही है। इतनी अच्छी योजना मिलने पर आपको सरकार का धन्यवाद देना चाहिए।

अब कुकरैल नदी नजर आएगी, नाला नहीं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पंतनगर और इंद्रप्रस्थनगर में बुलडोजर की कार्रवाई को स्थगित किया गया है। जिस भी व्यक्ति के पास रजिस्ट्री है या फिर जमीन के जायज कागजात हैं। उसको हम वहां कंपनसेशन देंगे और वो भी नदी को पुनर्जीवित करके। उन्होंने कहा कि आप जाकर वहां देखिए कुकरैल नदी थी या नाला था। आज के दिन वहां पर नदी नजर आएगी, नाला नहीं। पूरे देश में नदी पुनर्जीवन का अभियान चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम बोलते तो हैं, जल ही जीवन है। लेकिन क्या इनको तबाह या बर्बाद करके जीवन की कल्पना की जा सकती है। गोमती नदी की दुर्दशा देखकर इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। एक तरफ गोमती को मां कहते हैं। वहीं दूसरी ओर पूरी गोमती नदी को गंदे नाला में बदल दिया। गोमती नदी के पुनर्व्यवस्थापन की कार्यवाही के लिए सरकार प्रयास कर रही है। लखनऊ के विधायक होने के नाते आपको सरकार के प्रयासों की सराहना करनी चाहिए।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story