×

Lucknow Traffic Diversion: न्यू ईयर के जश्न को तैयार नवाबी नगरी, बदली रहेगी शहर की ट्रैफिक व्यवस्था

Lucknow Traffic Diversion: नये साल के स्वागत पर होने वाले जश्न के लिए 14 जगहों पर यातायात में डायवर्जन किया गया है। यातायात में बदलाव रविवार दोपहर से लेकर जश्न की समाप्ति तक लागू रहेगा।

Shishumanjali kharwar
Published on: 31 Dec 2023 6:18 AM GMT
lucknow news
X

न्यू ईयर पर बदली रहेगी लखनऊ की ट्रैफिक व्यवस्था (सोशल मीडिया)

Lucknow Traffic Diversion: नए साल के जश्न से पूर्व लखनऊ पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की पूरी तैयारी कर ली है। सड़क पर इधर-उधर गाड़ियां पार्क करने पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ड्रिंक एंड ड्राइव कर उत्पात मचाने वालों पर भी नकेल कसी जाएगी। राजधानी लखनऊ की यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। नये साल के स्वागत पर होने वाले जष्न के लिए 14 जगहों पर यातायात में डायवर्जन किया गया है। यातायात में बदलाव रविवार दोपहर तीन बजे से लेकर जश्न की समाप्ति तक लागू रहेगा। इसके साथ ही पार्टियों में रात 10 बजे के बाद तेज आवाज में गाने नहीं बज सकेंगे। इस संबंध में ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर कानून-व्यवस्था उपेंद्र अग्रवाल ने दिशा-निर्देश जारी कर दिये हैं। कार्यक्रम के दौरान वैकल्पिक मार्ग के अभाव में प्रतिबंधित मार्ग से केवल एंबुलेंस, फायर सर्विस, शव वाहन, स्कूली वाहन आदि ही निकल सकेंगे। इसके लिए ट्रैफिक कंट्रोल नंबर-9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।

लखनऊ में यहां रहेगा बदलाव

-महानगर, गोमतीनगर, यूपीटेक चौराहे की ओर से आने वाला यातायात सिकंदरबाग चौराहे से सहारागंज मॉल व चिरैयाझील तिराहे की ओर नहीं जा सकेगा। यह यातायात सप्रू मार्ग तिराहे से दाएं डनलप तिराहा, सहारागंज तिराहा होते हुए सहारागंज मॉल पार्किंग तक जा सकेगा।

-हजरतगंज चौराहे से कोई भी यातायात अल्का तिराहा या मेफेयर तिराहा होते हुए परिवर्तन चौक या सुभाष चौराहा की तरफ नहीं जा सकेगा। यह यातायात सप्रू मार्ग तिराहा से बाएं डनलप तिराहा, सहारागंज तिराहा से बाएं चिरैयाझील तिराहा, संकल्प वाटिका होकर गंतव्य को जा सकेंगे।

- चारबाग से हजरतगंज चौराहा होते हुए परिवर्तन चौक की तरफ यातायात नहीं जा सकेगा। यह यातायात हुसैनगंज चौराहे से बाएं ओडियन सिनेमा कैसरबाग होकर अपने गंतव्य को जा सकेगा।

- डनलप तिराहा, पुलिस आयुक्त आवास से कोई भी यातायात सेंट फ्रांसिस, बैंक ऑफ इंडिया या अल्का तिराहे की ओर नहीं जा सकेगा। यह यातायात सहारागंज या सप्रू मार्ग होकर अपने गंतव्य को जाएगा।

- सहारागंज तिराहे से कोई भी यातायात डनलप तिराहे, पुलिस आयुक्त आवास, सप्रू मार्ग तिराहे की ओर नहीं जा सकेगा। यह यातायात सिकंदरबाग चौराहे से दाहिने मुड़कर सप्रू मार्ग होते हुए अपने गंतव्य को जा सकेगा।

-अलीगंज, महानगर, कैसरबाग से परिवर्तन चौक होकर आने वाला कोई भी यातायात हिंदी संस्थान तिराहे के आगे मेफेयर तिराहे व हजरतगंज चौराहे की ओर नहीं जा सकेगा। यह यातायात स्टेडियम तिराहे से बाएं मुड़़कर चिरैयाझील तिराहा, संकल्प वाटिका, सिकंदरबाग या परिवर्तन चौक, सफेद बारादरी से कैसरबाग होकर अपने गंतव्य को जा सकेगा।

- नवल किशोर रोड, लीला सिनेमा तिराहे से कोई भी यातायात बैंक ऑफ इंडिया तिराहे की ओर नहीं जा सकेगा। यह यातायात आयकर भवन तिराहा या सेंट लॉरेंस कॉलोनी होकर गंतव्य की ओर जा सकेंगे।

- लालबाग की ओर से वाल्मीकि तिराहे की ओर आने वाले वाहन वाल्मीकि तिराहे से दाहिने नहीं जा सकेंगे। यह यातायात वाल्मीकि तिराहे से बाएं डीएम आवास, प्रेस क्लब, परिवर्तन चौक से होते हुए अपने गंतव्य जा सकेगा।

- लालबाग चौराहे से कोई भी यातायात मेफेयर या अल्का तिराहे की ओर नहीं जा सकेगा। यह यातायात कैंपर रोड या कैपिटल तिराहा होकर जाएगा।

-अब्दुल हमीद चौराहे से एमबी क्लब, नेहरू चौराहा से होकर सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा। यह यातायात अटल रोड से गुरुद्वारा चौराहा कैंट होकर अपने गंतव्य को जा सकेगा।

रोडवेज व सिटी बसों के रूट में भी बदलाव

-महानगर की तरफ से आने वाली रोडवेज व सिटी बसें सिकंदरबाग चौराहा, हजरतगंज चौराहा की ओर नहीं जा सकेंगी। ये बसें संकल्प वाटिका तिराहे से बैकुंठधाम तिराहा, गांधी सेतु (1090) चौराहा, गोल्फ क्लब चौराहा, बंदरियाबाग चौराहा होकर जा सकेंगी।

-अयोध्या रोड की तरफ से कैसरबाग बस अड्डा आने-जाने वालीं रोडवेज बसें सिकंदरबाग चौराहा, हजरतगंज चौराहा की ओर नहीं जा सकेंगी। ये बसें बालू अड्डा तिराहे से दाहिने बैकुंठधाम तिराहे से बाएं संकल्प वाटिका ओवरब्रिज, लक्ष्मण मेला बंधा, चिरैयाझील चौराहे से दाहिने, मोतीमहल तिराहे से बाएं, केडी सिंह बाबू स्टेडियम तिराहे से दाएं होते हुए परिवर्तन चौक, सुभाष चौराहा, क्लार्क अवध तिराहा, सीडीआरआई तिराहा होकर गंतव्य तक पहुंचेंगी।

-कमता की तरफ से आने वाली सिटी बसें गांधी सेतु (1090) चौराहा से सिकंदरबाग चौराहा, हजरतगंज चौराहा की ओर नहीं जायेंगी। ये बसें गांधी सेतु (1090) चौराहे से सीधे गोल्फ क्लब चौराहा, बंदरियाबाग चौराहा होकर गंतव्य को पहुंचेंगी।

-चारबाग की तरफ से हजरतगंज की ओर आने वाली रोडवेज और सिटी बसें केकेसी तिराहा से कुंवर जगदीश चौराहा, कैंट होकर या हुसैनगंज चौराहा से कैसरबाग या रॉयल होटल (बापू भवन) चौराहा से डीएसओ चौराहा होकर गंतव्य को जायेंगी।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story