TRENDING TAGS :
Lucknow News: महाशिवरात्रि को लेकर नगर निगम ने कसी कमर: भगवान आशुतोष के पवित्र पर्व पर नगर निगम लखनऊ की हैं क्या-क्या तैयारियां, जानें
भगवान शिव का प्रमुख पर्व महाशिवरात्रि इस वर्ष 26 फरवरी को धूमधाम से मनाया जाएगा। और इस दिन नगर क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों में भारी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना करेंगे। इस विशेष अवसर पर नगर निगम ने नगर क्षेत्र में व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
Lucknow News: Photo-Social Media
Lucknow News : आशुतोष भगवान शिव का प्रमुख पर्व महाशिवरात्रि इस वर्ष 26 फरवरी को धूमधाम से मनाया जाएगा। और इस दिन नगर क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों में भारी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना करेंगे। इस विशेष अवसर पर नगर निगम ने नगर क्षेत्र में व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। नगर आयुक्त लखनऊ इंद्रजीत सिंह ने शहर भर में सफाई, पेयजल आपूर्ति, सड़क मरम्मत और प्रकाश व्यवस्था से लेकर अतिक्रमण हटाने और आवारा पशुओं की समस्या को सुलझाने तक सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान देने के आदेश दिए हैं।
सफाई और चूना छिड़काव की व्यवस्था
इस पवित्र पर्व को लेकर नगर निगम जोनल अधिकारियों और जोनल सेनेटरी अधिकारियों को महाशिवरात्रि के पर्व के लिए प्रमुख मंदिरों जैसे मनकामेश्वर मंदिर, बुद्धेश्वर मंदिर, कोनेश्वर मंदिर और अन्य मंदिरों के आस-पास सफाई, चूना छिड़काव और कूड़ा निष्कासन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। तो वहीं मुख्य अभियंता (यांत्रिक) को मंदिरों के आस-पास, मुख्य मार्गों और पहुंच मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण करने की जिम्मेदारी दी गई है। सभी प्रकाश बिंदुओं को सुनिश्चित रूप से प्रज्जवलित किया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।
सड़क मरम्मत और पैच वर्क की तैयारी
वहीं अभियंत्रण विभाग को प्रमुख मार्गों पर आवश्यक सड़क मरम्मत, पैच वर्क और मलवा उठाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है। ताकि पर्व के दौरान यातायात में कोई रुकावट न हो और श्रद्धालुओं को आरामदायक यात्रा का अनुभव मिले। इसके अलावा महाप्रबंधक (जलकल) को यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है कि मंदिरों के पास पर्याप्त पेयजल की आपूर्ति हो। साथ ही, सीवर की सफाई और खुले मेन होल की मरम्मत भी की जाएगी ताकि किसी प्रकार की जलजमाव या गंदगी की समस्या न उत्पन्न हो।
पशु कल्याण और अतिक्रमण हटाने की व्यवस्था
महाशिवरात्रि के पर्व को लेकर पशु कल्याण अधिकारी को मंदिरों और उनके आसपास के क्षेत्रों से आवारा पशुओं को हटाने के लिए कैटल कैचिंग दस्ता तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, जोनल अधिकारियों को अस्थायी अतिक्रमण हटवाने के लिए अभियान चलाने का आदेश दिया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को कोई कठिनाई न हो। वहीं सभी अपर नगर आयुक्तों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करने का आदेश दिया गया है। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी व्यवस्थाएं समय पर और सही तरीके से लागू की जाएं। यह आदेश सभी संबंधित अधिकारियों को समय पर लागू करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि महाशिवरात्रि के पर्व पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।