×

UP: बिहार की सियासी उठापठक पर राजभर का बड़ा दावा, इंडिया गठबंधन को बताया 'ठगबंधन'...दे गए इशारा

Om Prakash Rajbhar on Bihar Politics: ओम प्रकाश राजभर ने बिहार में मचे सियासी घमासान पर कहा, 'हमने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि इंडिया गठबंधन 'ठगबंधन' का मेल है। इसमें शामिल पार्टियों का कोई सामाजिक सरोकार नहीं है।

aman
Report aman
Published on: 25 Jan 2024 12:51 PM GMT (Updated on: 25 Jan 2024 12:56 PM GMT)
Om Prakash Rajbhar on Bihar Politics
X

ओम प्रकाश राजभर (Social Media)

UP Politics: लोकसभा चुनाव में कुछ ही महीने शेष हैं। इससे पहले विपक्षी इंडिया गठबंधन में खींचतान सतह पर आ चुकी है। गठबंधन में शामिल पार्टियों ने अपने बागी तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। पश्चिम बंगाल से लेकर पंजाब तक खट-पट जारी है। एक तरफ जहां ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने INDIA गठबंधन से अलग होकर लोकसभा चुनाव लड़ने का एलान किया, तो वहीं दूसरी तरफ पंजाब के सीएम भगवंत मान (Bhagwant Mann) ने भी 'एकला चलो' का फैसला लिया।

इसी बीच बिहार में सियासी हलचल तेज हो गई है। सभी निगाहें बिहार पर टिकी हैं। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) प्रमुख ओम प्रकाश राजभर (Om Prakash Rajbhar) ने बिहार की सियासी उठापटक पर बड़ा दावा किया है।

राजभर ने INDIA गठबंधन को बताया 'ठगबंधन'

सुभासपा चीफ ओम प्रकाश राजभर ने बिहार में मचे सियासी घमासान पर कहा, 'हमने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि इंडिया गठबंधन 'ठगबंधन' का मेल है। इसमें शामिल सभी पार्टियां अपने-अपने हित के लिए जुड़े हैं। इन्हें ना तो सामाजिक हित से सरोकार है और न कुछ और। उन्होंने कहा, आने वाले कुछ दिनों में तस्वीर और साफ होगी।'

यूपी में अखिलेश की क्या मदद करेंगी ममता?

सुभासपा प्रमुख राजभर ने आम आदमी पार्टी (AAP) और टीएमसी पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा, 'इन पार्टियों को पता है कि वह दूसरे राज्यों में वहां की क्षेत्रीय पार्टियों को वोट नहीं दिलवा पाएंगी। इसलिए उन्होंने NDA के खिलाफ अकेले चुनाव लड़ने का निर्णय लिया। उदाहरण के तौर पर ममता बनर्जी जानती हैं कि, वह अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के लिए यूपी में कुछ भी नहीं कर पाएंगी। इसलिए वह गठबंधन से अलग होकर ही चुनाव लड़ रही हैं। राजभर बोले, आगामी लोकसभा चुनाव में हम सभी प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे। बड़ी जीत हासिल करेंगे।'

'राजनीति में कुछ भी मुमकिन'

वहीं, बिहार के सीएम नीतीश कुमार की बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए से एक बार फिर बढ़ती नजदीकियों पर ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि, 'राजनीति में कुछ भी मुमकिन है। आने वाले समय में जो कुछ भी होगा, सबके सामने रहेगा। NDA शीर्ष नेतृत्व जो भी निर्णय लेगा, वह स्वीकार होगा।'

सुभासपा बिहार में लड़ेगी लोकसभा चुनाव

ज्ञात हो कि, सुभासपा इस बार बिहार में भी लोकसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुकी है। ऐसे में ओमप्रकाश राजभर ने आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर NDA से 5 सीट की मांग की है। इनमें 3 सीट उत्तर प्रदेश में तो 2 सीट बिहार की बताई जा रही है। हलांकि, एनडीए में अभी सीट शेयरिंग पर कोई चर्चा नहीं हुई है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story