Lucknow News: मृत व्यक्ति से पुलिस को ‘शांति भंग’ का डर, कर दिया चालान

Lucknow News: रहीमाबाद पुलिस ने तीन साल पहले मर चुके शख्स के खिलाफ शांति भंग का चालान किया है। यहीं नहीं पुलिस ने मृत शख्स को आरोपी बनाते हुए चालानी रिपोर्ट न्यायालय भी भेज दी है।

Shishumanjali kharwar
Published on: 9 Sep 2024 9:11 AM GMT (Updated on: 9 Sep 2024 9:33 AM GMT)
lucknow news
X

लखनऊ में मृत व्यक्ति का पुलिस ने किया चालान (सोशल मीडिया)  

Lucknow News: राजधानी लखनऊ में पुलिस का बेहद हैरान कर देने वाला एक मामला सामने आया है। यहां पुलिस कमिश्नरेट के रहीमाबाद थाना क्षेत्र की पुलिस को तीन साल पहले दुनिया को अलविदा कर चुके शख्स से शांति भंग होने का खतरा महसूस हो रहा है। रहीमाबाद पुलिस ने तीन साल पहले मर चुके शख्स के खिलाफ शांति भंग का चालान किया है। यहीं नहीं पुलिस ने मृत शख्स को आरोपी बनाते हुए चालानी रिपोर्ट न्यायालय भी भेज दी है। कोर्ट में आरोपी के पेश होने का नोटिस भी जारी कर दिया गया। जब मृतक के परिजनों को कोर्ट में पेश होने की नोटिस मिली तब इस मामले का खुलासा हुआ। जिसके बाद पुलिस ने अपनी कलई खुलती देख परिजनों को चुप करा दिया।

साल 2021 में हो चुका है निधन

ग्राम खगेश्वर खेड़ा मजरे गहदो निवासी मैकू (65) का 24 जुलाई 2021 को निधन हो गया है। लेकिन बीते 29 जुलाई को दारोगा करन सिंह ने मैकू के घर पर उसके खिलाफ चालानी रिपोर्ट भेज दिया था। मैकू को पुलिस ने शांति भंग के आरोप में पाबंद किया था। जब परिजनों को मैकू के कोर्ट में पेश होने का नोटिस मिला तो वह दंग रह गये। इसके बाद परिजन थाने पहुंचे और पूरी बात बतायी। जिसके बाद थाना में मौजूद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। परिजनों ने मैकू का मृत्यु प्रमाण पत्र भी दिखाया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने परिजनों को इस बारे में किसी को भी बताने से मना कर दिया।

भूमि विवाद में किया था पाबंद

भूमि के विवाद में पुलिस ने प्रथम पक्ष के मैकू, लेखराम, लल्लू और दूसरे पक्ष के सुरेश, रामचंद्र, खेलावन, रमेश और राजकुमार सहित आठ लोगों के खिलाफ चालानी रिपोर्ट भेजी थी। इस घटना के संबंध में थाना प्रभारी रहीमाबाद अनुभव सिंह ने कहा है कि पुलिस के तीन साल पहले मर चुके मैकू के खिलाफ चालानी रिपोर्ट भेजे के मामले की जांच की जा रही है। दारोगा करन सिंह के खिलाफ रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जा चुकी है।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story