×

Subrata Roy: सुब्रत रॉय को राजनीतिक और फिल्मी हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि, आज होगा अंतिम संस्कार

Subrata Roy: सहारा श्री सुब्रत रॉय का अंतिम संस्कार आज शाम बैकुंठधाम में होगा। कई राजनीतिक और फिल्मी हस्तियों ने सहारा प्रमुख का अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दी।

Shishumanjali kharwar
Published on: 16 Nov 2023 9:11 AM GMT (Updated on: 16 Nov 2023 12:38 PM GMT)
subrata roy
X

सहारा श्री के अंतिम दर्शन को पहुंची मशहूर हस्तियां (न्यूजट्रैक)

Lucknow News: सहारा श्री सुब्रत रॉय का अंतिम संस्कार आज शाम बैकुंठधाम में होगा। सहारा इंडिया परिवार की ओर से बताया गया है कि सुब्रत रॉय की अंतिम यात्रा आज दोपहर 2 बजे सहारा सिटी से निकलेगी और 1090 चौराहे, अंबेडकर चौराहा और गांधी सेतु होते हुए बैकुंठधाम पहुंचेगी। बताया जा रहा है कि सुब्रत रॉय को उनके बेटे नहीं बल्कि पोते कुशांग और हिमांग मुखाग्नि देंगे।


बैकुंठधाम में सुब्रत रॉय के अंतिम संस्कार की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सुब्रत रॉय का अंतिम संस्कार प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर किया जाएगा। जबकि प्लेटफॉर्म 7 से 9 तक को आरक्षित रखा गया है। अंतिम संस्कार के लिए सभी प्लेटफॉर्म को फूलों से सजाया जा रहा है। सहारा श्री के परिवार के लोगों के लिए पार्किंग भी आरक्षित की गयी है। वीवीआईपी और वीआईपी के लिए अलग-अलग बैठने की व्यवस्था की गई है।


कई राजनीतिक और फिल्मी हस्तियों ने किया अंतिम दर्शन

बता दें कि सहारा प्रमुख सुब्रत रॉय का पार्थिव शरीर बुधवार शाम 5 बजे मुंबई से विषेष विमान से लखनऊ पहुंचा। जैसे ही सुब्रत रॉय का पार्थिव शरीर सहारा शहर पहुंचा। वहां पहले से मौजूद मित्रों और कार्यकर्ताओं ने ’सहारा श्री अमर रहे’ के नारे लगाए।


शव लेने के लिए पत्नी स्वप्ना राय, भाई जयब्रत राय, बहन कुमकुम राय चौधरी, बहू ऋचा और चांदनी राय समेत परिवार के अन्य सदस्य और दोस्त पहुंचे थे। देर रात तक राजनीतिक और फिल्मी हस्तियों ने सहारा श्री अंतिम दर्शन किया।


उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सदस्य डॉ. दिनेश शर्मा, मंत्री नितिन अग्रवाल, पूर्व मुख्यमंत्री व सपा प्रमुख अखिलेश यादव, पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव, सांसद नरेश अग्रवाल, सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम, प्रमोद तिवारी, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर, कांग्रेस विधान मंडल नेता आराधना मिश्रा, मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली, पूर्व मंत्री अम्मार रिजवी और गायक सोनू निगम समेत कई अन्य हस्तियां भी सहारा शहर पहुंची और सुब्रत रॉय को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story