Lucknow News: मोहनलालगंज में किसानों से मिले राहुल गांधी, समस्याएं सुनीं, निवारण का दिया आश्वासन

Lucknow News: भारतीय किसान यूनियन के लखनऊ जिलाध्यक्ष राजेश रावत ने बताया कि राहुल गांधी रायबरेली से लौट रहे थे। तब उन्होंने देखा कि सड़क के किनारे किसानों की भीड़ लगी हुई है। इसे देख राहुल किसानों से मिलने के लिए रुक गए।

Abhishek Mishra
Published on: 9 July 2024 2:15 PM GMT
X

Rahul Gandhi Met Farmers: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी ने मोहनलालगंज में भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। किसानों ने कांग्रेस नेता का काफिला रोककर उनको अपनी समस्याएं बताई। इसके बाद राहुल ने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को उठाएंगे और जल्द से जल्द समस्या का निस्तारण किया जाएगा।

काफिला रोक कर किसानों से मिले राहुल

भारतीय किसान यूनियन के लखनऊ जिलाध्यक्ष राजेश रावत ने बताया कि राहुल गांधी रायबरेली से लौट रहे थे। तब उन्होंने देखा कि सड़क के किनारे किसानों की भीड़ लगी हुई है। इसे देख राहुल किसानों से मिलने के लिए रुक गए। उन्होंने किसानों की समस्याओं को सुना। इसके बाद राहुल गांधी ने किसानों से कहा कि हम आपकी मांगों को उठाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिलाया कि किसानों की समस्या का समाधान जल्द से जल्द किया जाएगा।

चकबंदी और कब्जे से परेशान किसान

किसान यूनियन लखनऊ जिलाध्यक्ष ने बताया कि किसानों ने चकबंदी और सरकारी जमीनों पर हो रहे कब्जे से संबंधित समस्या को राहुल गांधी के समक्ष रखा। किसानों ने राहुल गांधी से कहा कि शेरपुर लवल ग्राम पंचायत में किसान चकबंदी के खिलाफ हैं। वह चाहते हैं कि अधिकारियों के द्वारा जबरन चकबंदी न की जाए। सदरपुर करोरा में भी चकबंदी को लेकर किसानों में काफी नाराजगी है। इसके साथ किसानों ने गांवों में नाली की सफाई और नहरों में पानी की समस्या को भी सामने रखा। इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन प्रदेश अध्यक्ष हरनाम सिंह वर्मा, युवा जिलाध्यक्ष मनीष पटेल काका, तहसील अध्यक्ष, ब्लाक अध्यक्ष समेत कई अन्य उपस्थित रहे।

Abhishek Mishra

Abhishek Mishra

Correspondent

मेरा नाम अभिषेक मिश्रा है। मैं लखनऊ विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट हूं। मैंने हिंदुस्तान हिंदी अखबार में एक साल तक कंटेंट क्रिएशन के लिए इंटर्नशिप की है। इसके साथ मैं ब्लॉगर नेटवर्किंग साइट पर भी ब्लॉग्स लिखता हूं।

Next Story