×

Rajya Sabha Election: डिनर पार्टी से बदला अखिलेश का 'स्वाद' ! सपा के 8 विधायक नहीं पहुंचे

UP Politics: राज्यसभा चुनाव के मतदान से ठीक पहले लखनऊ में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने डिनर पर नेताओं को बुलाया है।

aman
Written By aman
Published on: 26 Feb 2024 1:19 PM GMT (Updated on: 26 Feb 2024 3:24 PM GMT)
Newstrack Hindi News 2024
X

अखिलेश यादव (Social Media) 

Rajya Sabha Elections 2024: उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए कल (मंगलवार) को वोटिंग होगी। मतदान के लिए काउंटडाउन शुरू हो गया है। बस एक रात का फासला शेष है। इससे पहले, समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव को 'तगड़ा झटका' लगा है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो सपा मुखिया की 'डिनर पॉलिटिक्स' फेल हो गई। कहा जा रहा है कि, सपा प्रमुख की ओर से बुलाए डिनर में 8 विधायक नहीं पहुंचे। इससे सपा के मुंह का 'स्वाद' जरूर बिगड़ गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से दावा किया गया है कि, अखिलेश यादव के डिनर में पूजा पाल (Pooja Pal), महराजी देवी (Maharaji Devi), राकेश पांडेय (Rakesh Pandey), राकेश सिंह (Rakesh Singh), मनोज पांडे (Manoj Pandey), विनोद चतुर्वेदी (Vinod Chaturvedi, अभय सिंह (Abhay Singh) समेत आधा दर्जन विधायक नहीं पहुंचे।

महाराजी देवी कर सकती हैं क्रॉस वोट

ज्ञात हो कि, राज्यसभा की 10 सीटों के लिए 11 प्रत्याशी मैदान में हैं। इसमें से 8 भाजपा और 3 समाजवादी पार्टी के हैं। बीजेपी को अपने सभी विधायकों को जिताने के लिए 8 अन्य विधायकों की जरूरत है। वहीं, सपा को 6 वोट चाहिए। महाराजी देवी, गायत्री प्रसाद प्रजापति की पत्नी हैं। महाराजी देवी के संदर्भ में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के नेता और यूपी मंत्री ओम प्रकाश राजभर (Om Prakash Rajbhar) ने दावा किया था कि वह क्रॉस वोटिंग कर सकती हैं। आज डिनर में उनका न आना इसी ओर इशारा है।

राकेश पांडेय पर भी सस्पेंस

इसके अलावा, राकेश पांडेय के नाम पर पहले से सस्पेंस था। दरअसल, हाल ही में उनके बेटे रितेश पांडेय ने बसपा का दामन छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का हाथ थामा। रितेश, फिलहाल अंबेडकरनगर लोकसभा संसदीय क्षेत्र से सांसद हैं।

लोकसभा चुनाव से पहले राज्यसभा इलेक्शन पर सियासी गहमागहमी काफी बढ़ चली है। इस बीच अखिलेश यादव ने 'डिनर पॉलिटिक्स' का सहारा लिया। इस बीच, यूपी की राजनीति के कद्दावर नेता रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने भी अपने पत्ते खोल दिए। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष राजा भैया ने राज्यसभा चुनाव में अपने समर्थन पर मीडिया से कहा, 'जनसत्ता दल का वोट बीजेपी के साथ है।'

दिल्ली से लखनऊ तक सियासी उबाल

लोकसभा चुनाव के ऐलान में चंद दिन शेष हैं मगर, यूपी की राजनीति अभी से उबाल मार रहा है। ज्ञात हो कि, राज्यसभा की सभी 10 सीटों पर चुनाव के लिए मंगलवार को वोटिंग होगी। शाम तक नतीजे भी आ जाएंगे। बीजेपी और समाजवादी पार्टी दोनों के लिए एक सीट पर पेंच फंसा है। इसे देखते हुए दिल्ली से लखनऊ में सियासी हलचल काफी तेज है।

सपा के साथ न हो जाए खेल !

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार चुनावी रणनीति बनाने में जुटे हैं। शनिवार को उन्होंने अपने विधायकों की मीटिंग बुलाई थी। बैठक में सभी एमएलए ने एकजुटता दिखाई। अखिलेश यादव लगातार बैठकें कर रहे हैं। दरअसल, उन्हें क्रॉस वोटिंग का भी डर है। सपा दफ्तर में पार्टी के विधायकों को वोटिंग के लिए ट्रेनिंग दी गई थी।

क्या 'डिनर' से सधेगी राजनीति?

अखिलेश यादव ने सोमवार शाम पार्टी के सभी विधायकों को 'डिनर' पर बुलाया है। माना जा रहा है, 'डिनर पॉलिटिक्स' जरिए पार्टी विधायकों को साधने की कोशिश में अखिलेश जुटे हैं। इस डिनर में सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव, शिवपाल सिंह यादव, सांसद डिंपल यादव और राज्यसभा चुनाव के 3 उम्मीदवार तथा पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story