रक्षाबंधन पर UPSRTC बसों में विशेष व्यवस्था ! माताओं और बहनों को मुफ्त यात्रा, यात्रियों को मिलेंगी खास सुविधाएं

Raksha Bandhan: परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि सभी बसों को ऑनरोड किया जाएगा और अधिकारियों तथा कर्मचारियों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार लगाई जाएगी।

Virat Sharma
Published on: 7 Aug 2025 7:02 PM IST (Updated on: 8 Aug 2025 8:43 AM IST)
Lucknow News
X

Lucknow News: Photo-News Track 

Lucknow Today News: उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के अनुसार रक्षाबंधन के मौके पर यूपीएसआरटीसी द्वारा संचालित सभी बसों में माताओं, बहनों और बेटियों को एक सहयात्री के साथ मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। यह सुविधा 8 अगस्त से लेकर 10 की रात 12 बजे तक उपलब्ध रहेगी।

यात्रियों को मिलेंगी विशेष सुविधाएं

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि इस पहल के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए, यह सुनिश्चित किया जाएगा कि यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने परिवहन निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी क्षेत्रों में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं। इसके साथ ही, फ्लैक्सी बोर्ड और सूची पट्ट के माध्यम से यात्रियों को सूचनाएं प्रदान की जाएं, ताकि वे किसी भी संशय में न पड़ें।

दयाशंकर सिंह ने कहा कि सभी बसों को ऑनरोड किया जाएगा और अधिकारियों तथा कर्मचारियों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार लगाई जाएगी। साथ ही, बसों और बस स्टेशनों पर साफ-सफाई की व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

सुरक्षा और सेवा का ध्यान

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि चालकों और परिचालकों के व्यवहार को यात्रियों के साथ बेहतर बनाए रखने की कोशिश की जाएगी। वे वर्दी में रहेंगे और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ब्रेथ एनेलाइज़र से शराब की जांच भी की जाएगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा मिल सके।

रक्षाबंधन के इस विशेष मौके पर महिलाओं को दी जाने वाली मुफ्त यात्रा सुविधा निश्चित रूप से एक सकारात्मक कदम है, जो उन्हें बेहतर और आरामदायक यात्रा का अनुभव प्रदान करेगा।

वर्ष 2017 में हुई थी शुरुआत

इस सुविधा की शुरुआत वर्ष 2017 में हुई थी, जब प्रदेश की सत्ता संभालते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन जैसे पवित्र पर्व पर प्रदेश की माताओं और बहनों को उपहार स्वरूप रोडवेज की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा देने की घोषणा की थी। इसका उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित, सुलभ और सम्मानजनक यात्रा प्रदान करना था, जिससे वे बिना किसी आर्थिक बोझ के अपने भाई से राखी बांधने जा सकें। सरकार का यह संदेश साफ है कि रक्षाबंधन सिर्फ धागा नहीं, बल्कि सुरक्षा, स्नेह और सम्मान का वचन है। और यह वचन, हर साल रोडवेज की मुफ्त यात्रा के ज़रिए निभाया जा रहा है।

1 / 7
Your Score0/ 7
Virat Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Virat Sharma

Former Reporter Mail ID - svirat67@gmail.comsvirat67@gmail.com

Virat Sharma is a former Reporter at Newstrack.com.

Next Story