Yogi Adityanath New Record: योगी आदित्यनाथ ने कायम किया रिकॉर्ड, UP के सबसे लंबे कार्यकाल वाले बने CM

Yogi Adityanath New Record: मुलायम सिंह यादव, मायावती और अखिलेश यादव को पछाड़ते हुए योगी आदित्यनाथ सर्वाधिक सात साल 149 दिन तक पद पर रहने वाले उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं।

Shishumanjali kharwar
Published on: 17 Aug 2024 6:53 AM GMT (Updated on: 17 Aug 2024 7:15 AM GMT)
yogi adityanath
X

यूपी के सबसे लंबे कार्यकाल वाले सीएम बने योगी आदित्यनाथ (न्यूजट्रैक)

Yogi Adityanath New Record: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को नया रिकॉर्ड बनाया है। वह मुलायम सिंह यादव, मायावती और अखिलेश यादव को पछाड़ते हुए सर्वाधिक सात साल 149 दिन तक पद पर रहने वाले उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं। साल 2017 से बतौर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे हैं। वर्ष 2022 से योगी आदित्यनाथ यूपी विधानसभा में गोरखपुर शहरी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

दूसरे पायदान पर कांग्रेस के डॉ. संपूर्णानंद

योगी आदित्यनाथ 19 मार्च 2017 को यूपी के 21वें मुख्यमंत्री की कमान संभाली थी। तब से लेकर आज तक वह लगातार सूबे के मुखिया हैं। यूपी के लगातार लंबे समय मुख्यमंत्री रहने के मामले में दूसरे नंबर पर कांग्रेस के डॉ. सम्पूर्णानंद हैं। वह 28 दिसंबर 1954 से 7 दिसंबर 1960 तक 5 साल 345 दिन तक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे।

उत्तर प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके समाजवादी पार्टी के मुलायम सिंह यादव कुल छह साल 274 दिन तक सीएम रहे। वहीं, चार बार सूबे की मुखिया रह चुकीं मायावती भी योगी आदित्यनाथ के रिकॉर्ड से काफी पीछे हैं। उन्होंने कुल सात साल 16 दिन तक यूपी के मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी संभाली। वहीं समाजवादी पार्टी से मुख्यमंत्री रहे अखिलेश यादव भी पांच साल 4 दिन ही यूपी के मुख्यमंत्री रहे हैं।


37 साल का तोड़ा रिकॉर्ड

योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी भाजपा की सरकार लगातार दूसरी बार बनी है। योगी आदित्यनाथ ने जब दूसरी बार 25 मार्च 2022 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। तब उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के 37 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया था। नारायण दत्त तिवारी ने साल 1985 में अविभाजित उत्तर प्रदेश में तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर रिकॉर्ड कायम किया था।

लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस रिकॉर्ड को भी ध्वस्त कर दिया। श्री तिवारी राष्ट्रपति शासन के दौरान भी 1976-77 में भी मुख्यमंत्री रह चुके हैं। 9 नवंबर 2000 को उत्तराखंड का गठन हुआ। इसके बाद किसी भी राजनीतिक दल को यूपी में लगातार दो बार सरकार बनाने का अवसर नहीं मिला। यह ऐतिहासिक उपलब्धि भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम ही दर्ज है।


8वीं बार ध्वजारोहण करने का रिकॉर्ड भी सीएम योगी के नाम

इससे पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया था। वह उत्तर प्रदेश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री बन गए हैं। जिन्होंने मुख्यमंत्री रहते हुए राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस पर लगातार आठवीं बार ध्वजारोहण किया है।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story