TRENDING TAGS :
Lucknow News: महिलाओं पर अश्लील टिप्पणी करने वाले सपा नेता को फिर उठा लाई लखनऊ पुलिस, पिछली गिरफ्तारी पर मुख्यालय तक पहुंच गए थे अखिलेश
Lucknow News: अभद्र टिप्पणी के चलते साल 2023 की शुरुआत में मनीष जगन अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया था, उस दौरान मनीष को बचाने के लिए अखिलेश यादव खुद पुलिस मुख्यालय पहुंचे थे।
Lucknow News (Photo Social Media)
Lucknow News: सोशल मीडिया X पर आपने एक अकाउंट 'समाजवादी पार्टी मीडिया सेल' का नाम जरूर सुना होगा। इस अकाउंट से सोशल मीडिया पर महिलाओं, भाजपा नेताओं और पत्रकारों पर अभद्र टिप्पणी करने वाले पूर्व संचालक व समाजवादी व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल को लखनऊ पुलिस एक बार फिर घर से उठाकर ले गई है। आपको बता दें कि अभद्र टिप्पणी के चलते साल 2023 की शुरुआत में मनीष जगन अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया था, उस दौरान मनीष को बचाने के लिए अखिलेश यादव खुद पुलिस मुख्यालय पहुंचे थे।
मनीष या उनके परिवार को हुआ नुकसान तो लखनऊ पुलिस होगी जिम्मेदार
मनीष के जुड़े इस मामले की जानकारी समाजवादी पार्टी के आधिकारिक X हैंडल की ओर से दी गई। जिसमें सपा ने लखनऊ पुलिस की इस कार्रवाई का कड़ा विरोध करते हुए लिखा कि यदि मनीष जगन या उनके परिवार को किसीभी प्रकार का नुकसान होता है तो इसकी जिम्मेदार सिर्फ लखनऊ पुलिस होगी। इसके साथ ही सपा के आधिकारिक अकाउंट से हुए उस पोस्ट में ये भी लिखा गया है कि मनीष जगन अग्रवाल हाई ब्लड प्रेशर के मरीज हैं और उनकी पत्नी भी गर्भवती हैं। इसके साथ ही सपा की ओर से लखनऊ पुलिस की कार्रवाई को अनुचित और अमानवीय बताया गया है।
लखनऊ पुलिस ने नहीं की गिरफ्तारी की आधिकारिक घोषणा
आपको बता दें कि समाजवादी पार्टी के आधिकारिक अकाउंट से दी गई इस जानकारी कक लेकर लखनऊ पुलिस का अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इससे पहले भी जनवरी 2023 में इसी प्रकार सोशल मीडिया पर महिलाओं, भाजपा नेताओं और पत्रकारों पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में मनीष जगन अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया था। उस गिरफ्तारी के बाद माहौल इतना खराब हुआ कि सपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। जमकर हुए विरोध प्रदर्शन के बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव खुद मनीष जगन अग्रवाल को बचाने के लिए पुलिस मुख्यालय पहुंच गए थे।