Lucknow News: संस्कृत संग सिविल सेवा की तैयारी कराने वाला पहला संस्थान बना केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, आवेदन शुरू

Sanskrit University: निदेशक प्रो. सर्वनारायण झा ने बताया कि इस पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए सीयूईटी की बाध्यता नहीं होगी। अभ्यर्थी परिसरीय प्रवेश परीक्षा के जरिए प्रवेश ले सकते हैं। इसके लिए 100 अंकों की प्रवेश परीक्षा होगी। जिसमें सामान्य ज्ञान, करेंट अफेयर्स के 50 अंक, इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र, विज्ञान एवं सामाजिक और राजनीतिक जीवन से संबंधित 25 अंक, संस्कृत 5 अंक, रीजनिंग 10अंक के प्रश्न पूछे जाएंगे।

Abhishek Mishra
Published on: 8 July 2024 9:40 AM IST
Lucknow News: संस्कृत संग सिविल सेवा की तैयारी कराने वाला पहला संस्थान बना केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, आवेदन शुरू
X

Lucknow News: गोमती नगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में संस्कृत की पढ़ाई के साथ सिविल सेवा की तैयारी भी कर सकेंगे। बीए ऑनर्स इन संस्कृत एंड सिविल सर्विस स्टडीज (बीए एससीएस) कार्यक्रम की शुरूआत करने वाला यह देश का पहला विश्वविद्यालय बन गया है। पाठ्यक्रम के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी विवि की आधिकारिक वेबसाइट या समर्थ पोर्टल के जरिए आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने की अंतिम तिथि 12 जुलाई रखी गई है।

संस्कृत एंड सिविल सर्विसेज में बीए ऑनर्स के लिए आवेदन शुरू

निदेशक प्रो. सर्वनारायण झा ने बताया कि इस पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए सीयूईटी की बाध्यता नहीं होगी। अभ्यर्थी परिसरीय प्रवेश परीक्षा के जरिए प्रवेश ले सकते हैं। इसके लिए 100 अंकों की प्रवेश परीक्षा होगी। जिसमें सामान्य ज्ञान, करेंट अफेयर्स के 50 अंक, इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र, विज्ञान एवं सामाजिक और राजनीतिक जीवन से संबंधित 25 अंक, संस्कृत 5 अंक, रीजनिंग 10अंक के प्रश्न पूछे जाएंगे। साक्षात्कार 10 अंकों का होगा। कोर्स में सीटों का निर्धारण विश्वविद्यालय की ओर से कर दिया गया है। विश्वविद्यालय ने यह पाठ्यक्रम नई शिक्षा नीति के हिसाब से तैयार किया है। चार वर्ष के इस पाठ्यक्रम में मल्टी एंट्री और एग्जिट की सुविधा भी दी जाएगी।

पाठ्यक्रम की फीस तय

असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. नीरज तिवारी का कहना है कि कोर्स की फीस प्रथम, तृतीय, पंचम, सप्तम सेमेस्टर की जनरल व ओबीसी अभ्यर्थियों के लिए 30,700 रूपये और एससी, एसटी, पीडब्ल्यूडी या सीडब्ल्यू के लिए 18,450 रूपये देय होगा। इसी तरह द्वितीय, चतुर्थ, षष्ठ, अष्टम सेमेस्टर की जनरल व ओबीसी की फीस 28,500 रूपये और एससी, एसटी, पीडब्ल्यूडी या सीडब्ल्यू के लिए 16,250 रूपये तय की गई है। उन्होंने बताया कि सत्र 2024-25 में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं को फीस में 50 प्रतिशत तक की छूट भी दी जाएगी। नियमानुसार सभी को छात्रवृत्ति भी मिलेगी। परिसर में ही छात्र-छात्राओं के लिए छात्रावास की सुविधा है। सीटें सीमित होने की वजह से छात्रावास आवंटन मेरिट लिस्ट के आधार पर किया जाएगा।

208 क्रेडिट का होगा कोर्स

विश्वविद्यालय प्रवक्ता व असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. नीरज तिवारी ने बताया कि चार वर्षीय कोर्स में 55 सीटें निर्धारित हैं। यूजीसी गाइडलाइन के अनुसार, इसका माध्यम संस्कृत, अंग्रेजी अथवा हिंदी में होगा। संस्कृत एंड सिविल सर्विसेज स्टडीज प्रोग्राम चार वर्षो (आठ सेमेस्टर) में 208 क्रेडिट का होगा।

Abhishek Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Abhishek Mishra

EX Correspondentmarjun051@gmail.com

मेरा नाम अभिषेक मिश्रा है। मैं लखनऊ विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट हूं। मैंने हिंदुस्तान हिंदी अखबार में एक साल तक कंटेंट क्रिएशन के लिए इंटर्नशिप की है। इसके साथ मैं ब्लॉगर नेटवर्किंग साइट पर भी ब्लॉग्स लिखता हूं।

Next Story