UP News: यूपी में वरिष्ठ IAS अफसरों की कमी, एक तिहाई पद चल रहे रिक्त

UP News: राज्य में अपर मुख्य सचिव, सचिव और सचिव स्तर के कुल 148 पद स्वीकृत हैं। जिसमें से केवल 98 अफसर ही यूपी के महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

Shishumanjali kharwar
Published on: 24 Aug 2024 6:07 AM GMT (Updated on: 24 Aug 2024 6:25 AM GMT)
up ias
X

यूपी में वरिष्ठ आईएएस अफसरों की कमी (सोषल मीडिया)

UP News: उत्तर प्रदेश में वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों (IAS Officers) की कमी चल रही है। राज्य में अपर मुख्य सचिव, सचिव और सचिव स्तर के कुल 148 पद स्वीकृत हैं। जिसमें से केवल 98 अफसर ही यूपी के महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। यूपी में अपर मुख्य सचिव प्रमुख सचिव और सचिव स्तर के लगभग एक तिहाई पद रिक्त चल रहे हैं। उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार सरकार ने आईएएस अफसरों (UP IAS Officers )का राज्य का कोटा पूरा करने के लिए कई बार केंद्र सरकार से अनुरोध किया। लेकिन अभी तक केंद्र सरकार की तरफ से कोई समाधान नहीं मिल सकता है।

यूपी में प्रमुख सचिव स्तर के 36 पद स्वीकृत

यूपी में अपर मुख्य सचिव व प्रमुख सचिव स्तर के कई आईएएस अफसरों (IAS Officers) के पास एक से अधिक विभागों का चार्ज है। यहां अपर मुख्य सचिव स्तर के 16 पद हैं। इन पदों के सापेक्ष अभी 11 आईएएस अफसर ही उपलब्ध हैं। इनमें भी अपर मुख्य सचिव डॉ. रजनीश दुबे इसी माह अगस्त और नितिन रमेश गोकर्ण सितंबर में रिटायर्ड हो रहे हैं। तीसरे अपर मुख्य सचिव स्तर के आईएएस अधिकारी एसपी गोयल भी शीघ्र ही केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा सकते हैं।

आईएएस अधिकारी (IAS Officers) एसपी गोयल के केंद्र में जाने के लिए यूपी सरकार ने एनओसी दे दी है। दूसरी ओर वरिष्ठ आईएएस अफसर आद्रा वामसी की हाल ही में केंद्र की प्रतिनियुक्ति पर जाने की अर्जी मंजूर हो गयी है। कुछ दिन पहले वरिष्ठ आईएएस अफसर सुजीत कुमार भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा चुके हैं। वहीं कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारी 31 जुलाई को सेवानिवृत्त हो गये हैं।

उत्तर प्रदेश में प्रमुख सचिव स्तर के 36 पद स्वीकृत हैं। इसके सापेक्ष यहां 29 अफसर ही हैं। इसी तरह सचिव स्तर के यूपी 96 पद है। लेकिन यूपी के पास सचिव स्तर के केवल 58 अधिकारी ही हैं। कनिष्ठ स्तर के आईएएस अफसरों की संख्या को भी यदि शामिल कर लें। तब भी यूपी कैडर के 652 आईएएस अधिकारी होने चाहिए। लेकिन वर्तमान में यहां 560 आईएएस अफसर कार्यभार संभाल रहे हैं।

प्रदेश में अपर मुख्य सचिव, सचिव और सचिव स्तर के कुल 148 पद स्वीकृत हैं। इसमें केवल 98 अफसर ही यूपी के महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इनमें 2022 बैच के 14 और 2023 बैच के 16 आईएएस अफसर शामिल हैं। यूपी में कुल स्वीकृत संख्या के सापेक्ष 92 आईएएस अफसरों के पद रिक्त चल रहे हैं।

यूपी को मिले कम अफसर

साल 1990 से 2005 तक के बीच उत्तर प्रदेश कैडर में आईएएस अफसर (IAS Officers) की तैनाती कम ही मिली। इसके चलते यूपी में अफसरों की कमी है। साल 1991 में पांच, 1992 में दो, 1993 में तीन, 1994 में चार अफसरों को यूपी कैडर मिला।

वहीं साल 1997 में पांच, 1998 में सात, 1999 में छह, 2001 में चार, 2002 में छह और वर्ष 2005 में पांच आईएएस अफसरों को ही यूपी कैडर मिला था। हालांकि साल 2011 में इस संख्या में थोड़ा इजाफा हुआ। साल 2011 के बाद औसतन 16-20 आईएएस अधिकारियों को यूपी कैडर अलॉट किया जाने लगा।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story