Lucknow News: भाजपा ने हर अच्छा काम रोका.., अखिलेश ने घर के बाहर जेपी नारायण की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

Lucknow News: सपा मुखिया अखिलेश यादव ने घर के बाहर एक प्रतिमा पर जेपी को श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही उन्होंने मीडिया से बात करते हुए सरकार पर जमकर हमला बोला।

Santosh Tiwari
Published on: 11 Oct 2024 5:10 AM GMT (Updated on: 11 Oct 2024 6:42 AM GMT)
Lucknow News
X

अखिलेश यादव ने जेपी की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण (Pic: Newstrack)

Lucknow News: लखनऊ में जेपी की जयंती पर जमकर हंगामा हुआ। बीती रात JPNIC सील करने के बाद से ही सपा का विरोध शुरु हो गया था। सपा मुखिया अखिलेश यादव के घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर छावनी में तब्दील कर दिया गया था। बैरीकेडिंग भी लगा दी गई है। आज सुबह से ही विक्रमादित्य मार्ग पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समाजवादी पार्टी नेताओं की भीड़ लग गई। सपा नेताओं को JPNIC पहुंचने से रोकने के लिए कई थानों की फोर्स, PAC और RAF तैनात है। इसी के चलते सपा कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन शुरू किया है। अखिलेश यादव से पुलिस ने बात की। जिसके बाद उन्होंन घर से बाहर निकलकर जेपी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। साथ ही सरकार पर जमकर हमला बोला।

'भाजपा ने हर अच्छा काम रोका'

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि "जयप्रकाश नारायण की जयंती के दिन JPNIC के म्यूजियम में जाकर उनकी जयंती मनाते हैं लेकिन पता नहीं क्या कारण है कि आज सरकार हमें रोक रही है। माल्यार्पण नहीं करने दे रही है। भाजपा ने हर अच्छा काम रोका है लेकिन आज हम लोग सड़क पर खड़े होकर अगर जयप्रकाश नारायण को याद भी कर रहे हैं तो ये सरकार हमें रोकना चाहती है कि हम माल्यार्पण न करें लेकिन हम लोगों ने यहां सड़क पर ही माल्यार्पण कर दिया।


'म्यूजियम बेचना चाहती है सरकार'

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जयप्रकाश नारायण के नाम पर जो इमारत बनाई गई है, उसे इसलिए ढका गया है क्योंकि उसके पीछे साजिश है। साजिश ये है कि वे उसे बेचना चाहते हैं। ऐसी सरकार जो म्यूजियम बेच रही हो उससे क्या उम्मीद की जा सकती है। समाजवादी पार्टी के लोग हर साल उनकी जयंती मनाते रहे हैं और उसी तरह से मनाते रहेंगे। हम लोग वहीं जाकर भारत रत्न जयप्रकाश नारायण को सम्मान देने का काम करेंगे। यह सरकार गूंगी-बहरी तो है ही लेकिन आज कल इसे दिखाई भी नहीं दे रहा है। सही मायने में यह एक विनाशकारी सरकार है।

'नीतीश कुमार समर्थन वापस लें'

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि बहुत से समाजवादी लोग सरकार में हैं जो सरकार को चला रहे हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उनके (जय प्रकाश नारायण) आंदोलन से निकले हैं, यह नीतीश कुमार के लिए उस सरकार से समर्थन वापस लेने का मौका है जो समाजवादियों को जय प्रकाश नारायण की जयंती पर श्रद्धांजलि देने की अनुमति नहीं दे रही है।


सपा महिला सभा उपाध्यक्ष नईम बानो गिरफ्तार

एक तरफ अखिलेश यादव को रोकने के लिए लखनऊ को छावनी में तब्दील कर दिया गया। वहीं दूसरी तरफ सपा कार्यकर्ता किसी भी हाल में JPNIC पहुंचना चाहते हैं। इसी कोशिश में समाजवादी पार्टी की महिला सभा की उपाध्यक्ष नईम बानो को गिरफ्तार कर लिया गया है। जानकारी के मुताबिक नईम बानो जेपी एनआईसी बिल्डिंग में दूसरे रास्ते से प्रवेश करने की कोशिश कर रही थीं। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

अखिलेश से मिलने पहुंची पुलिस टीम

अखिलेश यादव को रोकने के लिए उनके घर के बाहर तमाम पुलिस बल को तैनात कर दिया गया था। बताया जा रहा था कि अखिलेश यादव आज जेपी को श्रद्धांजलि देने के लिए JPNIC जाएंगे। हालांकि ऐसा नहीं हो सका। सुबह 11 बजे पुलिस की एक टीम अखिलेश यादव से बातचीत करने उनके आवास के अंदर गई। बातचीत के बाद ही अखिलेश यादव ने फैसला लिया। सपा कार्यकर्ता बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया। जमकर नारेबाजी हुई। सीनियर पुलिस अधिकारी मौके पर हैं।


धरने पर सपा नेता और कार्यकर्ता

विक्रमादित्य मार्ग पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता धरने पर बैठे। नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय, वरिष्ठ सपा नेता राम गोविंद चौधरी, महिला नेत्री जूही सिंह भी विक्रमादित्य मार्ग पर धरने पर बैठीं। उधर इटावा से सपा महासचिव शिवपाल यादव भी लखनऊ के लिए निकल चुके हैं। JPNIC जाने के लिए समाजवादी पार्टी पूरा जोर लगा रही थी। मगर अब अखिलेश यादव ने माल्यार्पण कर दिया है।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story