Lucknow Crime News: ठाकुरगंज में सौतेले पिता ने की मासूम बेटे की हत्या, मचा हड़कंप

Lucknow Crime News: ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के फरीदीपुर में गुरूवार दोपहर एक सौतेले पिता ने बेटे की पीट-पीटकर हत्या कर दी। बेटे की हत्या के बाद परिवार वालों में हड़कंप मच गया।

Network
Newstrack Network
Published on: 11 July 2024 1:08 PM GMT (Updated on: 11 July 2024 1:29 PM GMT)
lucknow news
X

लखनऊ में ठाकुरगंज में सौतेले पिता ने की मासूम बेटे की हत्या (न्यूजट्रैक)

Lucknow Crime News: राजधानी के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के फरीदीपुर में गुरूवार दोपहर एक हैरान कर देने वाली घटना घटित हुई। यहां एक सौतेले पिता ने बेटे को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हत्यारोपी सौतेले पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक, ठाकुरगंज के फरीदीपुर लालाबाग में रहने वाले शिव शक्ति मिश्र उर्फ मोनू मिश्र रंगाई-पुताई का काम करता है। शिव शक्ति मिश्र की पहली की मौत हो चुकी है। उसने साल 2017 में काजल से दूसरी शादी की थी। काजल की भी यह दूसरी शादी थी। शादी के बाद काजल अपने छह वर्षीय बेटे प्रिंस के साथ किराए के मकान में रह रही थी। पड़ोसियों का कहना है कि दंपती के बीच अक्सर झगड़ा होता था। गुरुवार दोपहर भी दंपति के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा शुरू हो गया।

जिसके बाद गुस्से में आग बबूला शिव शक्ति मिश्र ने बेटे प्रिंस की जमकर पिटाई कर दी। बेटे को बचाने की जब काजल ने कोशिश की तब उसने उसकी भी पिटाई कर दी। गुस्से में लाल शिव शक्ति मिश्र ने प्रिंस को मार-मारकर अधमरा कर दिया। जब घायल प्रिंस बेसुध हो गया तब परिजन उसे लेकर नजदीकी अस्पताल में पहुंची। जहां डॉक्टरों ने बच्चे की हालत नाजुक देख केजीएमयू के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। ट्रामा सेंटर में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने हत्यारोपी सौतेले पिता को हिरासत में ले लिया है। प्रभारी निरीक्षक श्रीकांत राय ने बताया कि घरेलू कलह के चलते सौतेले पिता ने बेटे की हत्या कर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस घटना के बाद से बच्चे की मां और अन्य पारिवारिक सदस्यों ने हत्यारोपी सौतेले पिता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story