Lucknow News: आज रात दिखेगा साल का तीसरा सुपरमून, इन स्थानों से देख सकेंगे

Lucknow News: अभी तक इस साल में दो सुपरमून दिख चुके हैं। आज रात के सुपरमून में चांद सिर्फ 3 लाख 51 हजार 519 किलोमीटर दूर होगा।

Abhishek Mishra
Published on: 17 Oct 2024 1:00 PM GMT
Lucknow News
X

आज दिखेगा साल का तीसरा सुपरमून (Photo Source: Ashutosh Tripathi)

Lucknow News: इस वर्ष का तीसरा सुपरमून आज रात को दिखाई पड़ेगा। गुरुवार की रात करीब 11 बजकर 55 मिनट पर आप चांद को ज्यादा बेहतर देख सकेंगे। सुपरमून ऐसी कंडीशन है जिसमें चंद्रमा 14 प्रतिशत बड़ा और 30 प्रतिशत चमकीला दिखाई देगा। बता दें कि अभी तक इस साल में दो सुपरमून दिख चुके हैं। आज रात के सुपरमून में चांद सिर्फ 3 लाख 51 हजार 519 किलोमीटर दूर होगा। जबकि 13 दिन बाद यह 30 अक्टूबर को यह 4,06,161 किलोमीटर दूर हो जाएगा।

पृथ्वी के निकट होगा चांद

डालीगंज स्थित इंदिरा गांधी नक्षत्रशाला के वैज्ञानिक अधिकारी सुमित श्रीवास्तव का कहना है कि पृथ्वी के चारों तरफ चंद्रमा की अंडाकार कक्षा है। इस कारण चंद्रमा हर महीने एक वार पृथ्वी से सबसे निकट और एक बार सबसे दूर होता है। उन्होंने बताया कि जब यह पृथ्वी के सबसे पास होता है तो इस स्थिति पेरिगी कहते हैं। जव यह पृथ्वी से सवसे दूर होता है तो इस स्थिति को अपोगी कहते हैं। खगोलिकी में सुपरमून को पेरिगी-सिज़ीगी मून कहते हैं।

इन स्थानों से देख सकेंगे सुपरमून

सुपरमून की रात चंद्रमा पृथ्वी के सबसे करीब होता है। चांद का आकार हर रोज की अपेक्षा काफी बड़ा नजर आता है। आम लोग इसे इंदिरा गांधी नक्षत्रशाला में लगे टेलीस्कोप के जरिए देख सकेंगे। एलयू के ज्योतिर्विज्ञान विभाग में सूर्य दर्शन और रात्रि आकाश दर्शन कार्यक्रम करवाया जा रहा है। यह कार्यक्रम निःशुल्क होगा। नक्षत्रशाला में चार टेलिस्कोप लगाए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश अमच्योर एस्ट्रोनॉमर्स क्लब की ओर से टेलिस्कोप का इंतजाम किया जाएगा।

साल का तीसरा सुपरमून होगा

साल का पहला सुपरमून इस वर्ष 19 अगस्त को दिखा था। जिसमें पृथ्वी से चांद की दूरी 3,61,969 किमी रही। दूसरा सुपरमून 18 सितंबर को देखा गया। इसमें चांद की दूर 3,57,485 किलोमीटर रही। तीसरी सुपरमून आज यानी 17 अक्टूबर को देखा जा सकेगा। जिसमें दूरी 3,51,519 किलोमीटर होगी। जानकारी के मुताबिक इस वर्ष का चौथा और अगला सुपरमून 15 नबंवर को दिखाई देगा।

Abhishek Mishra

Abhishek Mishra

Correspondent

मेरा नाम अभिषेक मिश्रा है। मैं लखनऊ विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट हूं। मैंने हिंदुस्तान हिंदी अखबार में एक साल तक कंटेंट क्रिएशन के लिए इंटर्नशिप की है। इसके साथ मैं ब्लॉगर नेटवर्किंग साइट पर भी ब्लॉग्स लिखता हूं।

Next Story