TRENDING TAGS :
Lucknow Crime: प्लासियो मॉल के टॉनिक बार में पार्टी करने गए दोस्तों को बाउंसरों ने पीटा, केस
Lucknow Crime: युवक किसी तरह अपनी जान बचाकर वहाँ से भागे। इसके बाद उन्होंने सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस से पूरे मामले की शिकायत की है।
Photo- Social Media
Lucknow Crime: सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र के प्लासियो मॉल में अराजकता थमने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला मॉल के अंदर बने टॉनिक बिस्टरों एंड बार से सामने आया है। जहां जन्मदिन की पार्टी मनाने आए दोस्तों को मैनेजर दिलीप एवं बाउंसरों के साथ ही बार के अन्य स्टाफ ने बुरी तरह पीट दिया। इससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। इस दौरान एक युवक की सोने की चेन भी वहीँ गिर गई। युवक किसी तरह अपनी जान बचाकर वहाँ से भागे। इसके बाद उन्होंने सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस से पूरे मामले की शिकायत की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।
यह था मामला
जानकारी के अनुसार E-293 सेक्टर E एल.डी.ए कलोनी कानपुर रोड पराग चौराहा थाना कृष्णा नगर के रहने वाले निशान्त श्रीवास्तव गुरुवार की रात अपने जन्मदिन की पार्टी मनाने के लिए दोस्तों के साथ प्लासियो मॉल के टॉनिक बिस्ट्रो एन्ड बार में गए हुए था। देर रात पार्टी के दौरान वेटर से कुछ सामान मांगने पर स्टाफ द्वारा गाली गलौज की जाने लगी। विरोध करने पर रेस्टोरेन्ट के मैनेजर दिलीप व उनके बाउन्सर एवं अन्य स्टाफ सहित लगभग 10-15 लोग उसे मारने लगे। जानकारी होते ही मित्र विनीत सिंह चौहान एवं अनुराग सिंह उसे बचाने के लिए आये तो आरोपियों ने उनकी भी पिटाई कर दी। जिससे पीड़ित निशांत व उसके मित्र घायल हो गए। वह लोग किसी तरह से जान बचाकर वहां से भागे। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके मित्र विनीत सिंह की सोने की चेन टूटकर वहीं गिर गई। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी अन्जनी कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है, आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अराजकता का अड्डा और पुलिस के लिए सिरदर्द
सूत्रों के अनुसार सुशांत गोल्फ सिटी थानाक्षेत्र स्थित फीनिक्स प्लासियो मॉल एवं उसके आसपास का इलाका अराजकता का अड्डा बना हुआ है। मॉल के अंदर देर रात तक क्लब और बार खुले रहते हैं। इससे आए दिन लोग शराब के नशे में धुत होकर मारपीट और हंगामा करते नजर आते हैं। इसके अलावा मॉल के पास खाली जमीन पर बनी सड़क पर भी देर रात तक चार पहिया वाहनों का हुजूम एकत्रित होता है। यहां भी बड़ी संख्या में अराजक तत्व एकत्रित होते हैं। इसकी वजह से पुलिस को भी सिरदर्दी का सामना करना पड़ता है।