×

LU News: यूनिरैंक और एडुरैंक ने जारी की शीर्ष शिक्षण संस्थानों की रैंकिग, एलयू ने लगाई लंबी छलांग

प्रदेश में एलयू को चौथा स्थान मिला है। आईआईटी खरगपुर ने देश में पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर दिल्ली विश्वविद्यालय और तीसरे पर भारतीय विज्ञान संस्थान रहे। इस सूची में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय और जवाहरलाल नेहरु विश्वविद्यालय जैसे संस्थान शामिल हैं।

Abhishek Mishra
Published on: 1 April 2024 12:00 PM GMT
LU News: यूनिरैंक और एडुरैंक ने जारी की शीर्ष शिक्षण संस्थानों की रैंकिग, एलयू ने लगाई लंबी छलांग
X

Lucknow University: यूनिरैंक यूनिवर्सिटी रैंकिग और एडुरैंक की ओर से देश के शीर्ष शैक्षणिक संस्थानों की सूची जारी कर दी गई है। जिसमें लखनऊ विश्वविद्यालय ने पहले से बेहतर प्रदर्शन किया है। देश के शीर्ष संस्थानों में एलयू ने यूनिरैंक यूनिवर्सिटी रैंकिग की सूची में 33वां और एडुरैंक की सूची में 29वां स्थान हासिल किया है।

एलयू ने लगाई लंबी छलांग

यूनिरैंक यूनिवर्सिटी रैंकिंग ने 887 भारतीय उच्च शैक्षणिक संस्थानों की समीक्षा कर संस्थानों की रैंक जारी की है। जिसमें लखनऊ विश्विद्यालय नें 33वां स्थान हासिल किया। इस सूची में आईआईटी, एनआईटी और केंद्रीय विश्वविद्यालय जैसे कई प्रतिष्ठित संस्थान शामिल हैं। बता दें कि पिछले साल लखनऊ विश्वविद्यालय को भारतीय संस्थानों में 46वां स्थान मिला था। इस वर्ष एलयू ने 13 स्थानों का लंबी छलांग लगाई है। यूनिरैंक यूनिवर्सिटी रैंकिंग 200 देशों के 13,900 संस्थानों की समीक्षा करने के बाद उनकी रैंकिग जारी करता है। यूनीरैंक एक अंतरराष्ट्रीय उच्च शिक्षा पोर्टल और खोज इंजन है।

एडुरैंक ने दी 29वीं रैंक

एडुरैंक की ओर से जारी सूची में लखनऊ विश्वविद्यालय को 29वां स्थान मिला है। देश के 876 संस्थानों की समीक्षा करने के बाद सूची जारी की गई है। एडुरैंक ने विश्वभर के कुल 14,131 संस्थानों की सूची निकाली है। जिसमें एलयू को 1587 रैंक मिली। प्रदेश में एलयू को चौथा स्थान मिला है। आईआईटी खरगपुर ने देश में पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर दिल्ली विश्वविद्यालय और तीसरे पर भारतीय विज्ञान संस्थान रहे। इस सूची में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय और जवाहरलाल नेहरु विश्वविद्यालय जैसे संस्थान शामिल हैं। एलयू के लिए इस सूची में शामिल होना बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। बीते दिनों आईआईआरएफ द्वारा जारी रैंकिग में एलयू को प्रदेश में चौथा स्थान मिला था।

कुलपति ने दी बधाई

एलयू के कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार राय ने कहा कि विभिन्न वैश्विक शैक्षणिक रैंकिंग में लखनऊ विश्वविद्यालय की निरंतर वृद्धि ने शैक्षणिक उत्कृष्टता के प्रति इसकी प्रतिबद्धता को साबित किया है।

Abhishek Mishra

Abhishek Mishra

Correspondent

मेरा नाम अभिषेक मिश्रा है। मैं लखनऊ विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट हूं। मैंने हिंदुस्तान हिंदी अखबार में एक साल तक कंटेंट क्रिएशन के लिए इंटर्नशिप की है। इसके साथ मैं ब्लॉगर नेटवर्किंग साइट पर भी ब्लॉग्स लिखता हूं।

Next Story