×

UP Politics: 'हमें उम्मीद है जो सपा से गए हैं, वह भी शपथ लें...', योगी मंत्रिमंडल विस्तार पर बोले अखिलेश

Yogi Cabinet Expansion: सपा चीफ अखिलेश यादव ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। पेपर लीक सहित कई मुद्दों पर बीजेपी सरकार को घेरा।

aman
Written By aman
Published on: 1 March 2024 2:59 PM GMT (Updated on: 1 March 2024 3:17 PM GMT)
up cabinet expansion
X

लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव (Social Media) 

UP Politics: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने शुक्रवार (01 मार्च) को राजधानी लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। अखिलेश ने योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार की ख़बरों के बीच कहा कि, 'हमें उम्मीद है की जो सपा से गए हैं, वह भी शपथ लें। हमारी पार्टी के लोग शपथ ले रहे हैं कि नहीं'। मीडिया से बातचीत में उन्होंने राष्ट्रीय लोकदल प्रमुख जयंत चौधरी (RLD Chief Jayant Chaudhary) का नाम लिए बिना इंडिया एलायंस का साथ छोड़ने पर भी तंज कसा।

सपा अध्यक्ष ने यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि, सरकार की संलिप्तता से पेपर लीक हो रहे हैं। बीजेपी सरकार ऐसे कृत्य के जरिए नौजवानों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि, आने वाले समय में यूपी से बीजेपी का सफाया होगा।

बीजेपी ने किसानों को ठगा,..वोटिंग का इंतजार

अखिलेश यादव ने मीडिया से वार्ता में किसानों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, 'सत्ता में आने से पहले बीजेपी ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था। क्या किसानों की आमदनी दोगुनी हुई? सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि, भाजपा ने किसानों को लगातार धोखा दिया है। अखिलेश बोले, किसान वोटिंग के इंतजार में हैं।'

बीजेपी को सभी 80 सीटों पर हराने का आह्वान'

अखिलेश यादव ने आगे कहा, 'उत्तर प्रदेश से बीजेपी के अगुवाई वाले एनडीए गठबंधन (NDA Alliance) ने 80 लोकसभा सीटों को जीतने का लक्ष्य रखा है। अखिलेश ने बीजेपी को सभी 80 सीटों पर हराने का पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया। उन्होंने कहा, सपा कार्यकर्ता भी भारतीय जनता पार्टी को हराने की शपथ लें।'

छुट्टे मवेशियों और पुष्पेंद्र यादव एनकाउंटर का मुद्दा उठाया

अखिलेश यादव ने पूरे प्रदेश में छुट्टे मवेशियों से होने वाली परेशानी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने योगी सरकार को आड़े हाथों लिया। सपा अध्यक्ष ने कहा, मुख्यमंत्री योगी के राजभवन जाने वाले रास्ते में आवारा पशु नहीं मिला। अखिलेश बोले, सपा इंडिया गठबंधन को आगे ले जा रही है। सपा इंडिया एलायंस के साथ-साथ पीडीए परिवार को भी बढ़ाने की लगातार कोशिश में जुटी है। हमें पूरा भरोसा है कि आने वाले समय में बीजेपी का यूपी से सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा, अन्याय, अत्याचार और भेदभाव के खिलाफ PDA खड़ा है। अखिलेश यादव ने झांसी में पुष्पेंद्र यादव के एनकाउंटर (Pushpendra Yadav Encounter) का भी मुद्दा उठाया।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story