×

UP Cabinet Expansion: यूपी में 10 नवंबर को होगा मंत्रिमंडल विस्तार ! राज्यपाल से मिले CM योगी, मंत्री की रेस में ये नाम

Yogi Cabinet Expansion: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात के बाद एक बार फिर मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज हो गई हैं।

aman
Report aman
Published on: 8 Nov 2023 3:46 AM GMT (Updated on: 8 Nov 2023 4:00 AM GMT)
Yogi Cabinet Expansion
X

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल (Social media)

UP Cabinet Expansion: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल विस्तार की ख़बरें लंबे समय से चर्चा में है। जून के मध्य से ही मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज हैं। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी प्रमुख ओम प्रकाश राजभर और दारा सिंह चौहान के मंत्रिमंडल में शामिल होने को लेकर भी चर्चाएं लगातार होती रही हैं। इस सम्बन्ध में दिल्ली में पिछले दिनों हुई बैठक के बाद मंगलवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल (Governor Anandiben Patel) से मुलाकात हुई। जिसके बाद एक बार फिर उन अटकलों को बल मिला।

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो योगी मंत्रिमंडल विस्तार के लिए 10 नवंबर की तारीख तय हुई है। दीपोत्सव के पहले 10 तारीख को राजभवन में मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है। इसमें 4 से 5 मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना है।

राजभर, दारा सिंह के साथ दो अन्य ले सकते हैं शपथ

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो 10 नवंबर को योगी मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। राजभवन में होने वाले मंत्रिमंडल विस्तार में सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर (Om Prakash Rajbhar) और पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान (Dara Singh Chauhan) को जगह मिलना तय माना जा रहा है। साथ ही दो अन्य नेताओं को भी मंत्री बनाए जाने की बात सामने आ रही है। खबर तो ये भी है कि, इन दोनों नेताओं को लखनऊ पहुंचने के लिए कहा गया है। लेकिन, यहां गौर करने वाली बात है कि मंत्रिमंडल विस्तार पर अक्सर बयान देने वाले ओम प्रकाश राजभर इस बार शांत हैं।

CM योगी मिले थे शाह-नड्डा से

बीते दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (BJP President JP Nadda) से मुलाकात की थी। इस भेंट में मंत्रिमंडल विस्तार पर सैद्धांतिक सहमति बनने की बात कही जा रही है। सीएम योगी की राज्यपाल से मुलाकात इसी की अगली कड़ी है। चर्चा है कि 9 नवंबर को अयोध्या में योगी कैबिनेट की मीटिंग के बाद अगले दिन यानी 10 नवंबर को मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है।

बीजेपी की नजर 'मिशन 2024' पर

लंबे समय से ओम प्रकाश राजभर और दारा सिंह के मंत्रिमंडल में शामिल होने की चर्चा रही है। इसके अलावा 2024 लोकसभा चुनाव में जाति समीकरण साधने के मकसद से एक-दो चेहरों को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। चर्चा तो ये भी है कि कुछ मंत्रियों के विभाग भी बदले जा सकते हैं। ये बदलाव मंत्रियों के डेढ़ साल के प्रदर्शन के आधार पर हो सकता है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story