×

Yogi मंत्रिमंडल का विस्तार 10 मार्च तक, RLD कोटे से एक मंत्री...लोकसभा चुनाव से पहले दिखेंगे नए चेहरे !

UP Cabinet Expansion: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में बीजेपी के एमएलसी दारा सिंह चौहान, सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर के साथ रालोद कोटे से एक मंत्री बनाया जा सकता है।

aman
Written By aman
Published on: 29 Feb 2024 4:57 PM GMT (Updated on: 29 Feb 2024 5:17 PM GMT)
UP Cabinet Expansion:
X

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media) 

UP Cabinet Expansion: लोकसभा चुनाव से पहले यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है।योगी सरकार में 5-6 विधायकों को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। इनमें जयंत चौधरी की पार्टी राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के एक विधायक को भी मंत्री पद मिल सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से 10 मार्च तक मंत्रिमंडल विस्तार संभव है।

इन चेहरों को मिल सकता है मौका

योगी मंत्रिमंडल के विस्तार की ख़बरें पिछले साल से कई बार मीडिया में आती रही हैं। लेकिन, अब राज्य सभा चुनाव के बाद और लोकसभा चुनाव से पहले एक बार फिर मंत्रिमंडल विस्तार की बातें मीडिया में तेज हैं। हालांकि, इसके पीछे तर्क भी है। दावा किया जा है कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के नेता ओमप्रकाश राजभर (Omprakash Rajbhar) को भी यूपी सरकार में मंत्री बनाया जा सकता है। इसी लिस्ट में बीजेपी के एमएलसी दारा सिंह चौहान (Dara Singh Chauhan) का नाम भी चर्चा में है। एनडीए में शामिल होने के बाद RLD के किसी एक विधायक को कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है।

MLC चुनाव से पहले मंत्रिमंडल विस्तार

उत्तर प्रदेश में मार्च के पहले पखवाड़े में विधान परिषद के चुनाव होने हैं। यूपी में 13 सीटों पर विधान परिषद के चुनाव होने हैं। इससे पहले बीजेपी मंत्रिमंडल विस्तार करना चाहती है, ताकि वोटिंग की परिस्थिति उत्पन्न होने पर भी पार्टी को किसी प्रकार का नुकसान ना हो।

...तो खत्म होगा राजभर का इंतजार !

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) प्रमुख ओपी राजभर (OP Rajbhar) लंबे समय से दावा करते रहे हैं कि, जब भी योगी सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार होगा, उन्हें मंत्री बनाया जाएगा। राजभर गाहे-बगाहे प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप में अपनी इच्छा जाहिर करते रहे हैं। ज्ञात हो कि, ओमप्रकाश राजभर 2022 में हुए यूपी विधानसभा चुनाव के बाद समाजवादी पार्टी से गठबंधन तोड़कर बीजेपी के साथ आ गए थे। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विधानसभा में राजभर पर तंज कसते हुए यहां तक कहा था कि, उन्हें जल्दी मंत्री बनाया जाए, वरना फिर पलट सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि, बीते साल 2023 से मंत्रिमंडल विस्तार की बात हुई थी। समय-समय पर लगातार ऐसी ख़बरें मीडिया की सुर्खियां बनती रही है। लेकिन, हर बार विस्तार टलता गया। हालांकि, अब मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि 10 मार्च के भीतर मंत्रिमंडल का विस्तार होगा।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story