UP IAS Transfer: सीएम कार्यालय में दो नए विशेष सचिव की तैनाती

UP IAS Transfer: गुरूवार को भी दो आईएएस अधिकारियों का स्थानांतरण कर दिया गया है। गुरूवार को हुए तबादलों में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यालय में दो नए विशेष सचिव की तैनाती की गयी है।

Shishumanjali kharwar
Published on: 25 July 2024 6:42 AM GMT (Updated on: 25 July 2024 8:10 AM GMT)
ias transfer
X

सीएम कार्यालय में दो नए विशेष सचिव की तैनाती (सोशल मीडिया)

UP IAS Transfer: उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के बाद से ही तबादलों का दौर लगातार जारी है। लगातार प्रशासनिक महकमे में फेरबदल किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरूवार को भी दो आईएएस अधिकारियों का स्थानांतरण कर दिया गया है।

गुरूवार को हुए तबादलों में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यालय में दो नए विशेष सचिव की तैनाती की गयी है। आईएएस विपिन कुमार जैन को सीएम कार्यालय में विशेष सचिव बनाया गया है। विपिन कुमार जैन अब तक यमुना विकास प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) के पद पर तैनात थे। विपिन कुमार जैन 2016 बैच के आईएएस अफसर हैं। वहीं आईएएस ब्रजेश कुमार को भी सीएम कार्यालय में विशेष सचिव बनाया गया है।

ब्रजेश कुमार अभी तक अपर आयुक्त मुरादाबाद मंडल के पद की जिम्मेदारी देख रहे थे। ब्रजेश कुमार 2014 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व बीते बुधवार को भी प्रशासनिक महकमे में बड़ा फेरबदल किया गया था। यूपी में बुधवार को 14 प्रशासनिक अधिकारियों का तबादला किया गया था। जिसमें नौ आईएएस और पांच वरिष्ठ पीसीएस अधिकारियों के नाम शामिल थे।

बुधवार को हुए आईएएस अफसरों के तबादलों के क्रम में सुधीर कुमार को नगर आयुक्त कानपुर नगर बनाया गया था। श्री कुमार अभी तक मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) कानपुर नगर के पद पर तैनात थे। आईएएस दीक्षा जैन को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) बनाया गया है। दीक्षा जैन अभी तक इसी पद पर फिरोजाबाद में तैनात थीं। वहीं सचिव कानपुर विकास प्राधिकरण कानपुर नगर शत्रुघ्न वैश्य को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) फिरोजाबाद बनाया गया है। आईएएस प्रेरणा सिंह को ग्रेटर नोएडा अथारिटी की एसीईओ के पद पर नई तैनाती दी गयी है।

आईएएस शिव प्रसाद को प्रबन्ध निदेशक अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम बनाया गया है। श्री प्रसाद अभी तक विशेष सचिव विज्ञान एवं प्रोद्योगिकी के पद पर कार्यरत थे। वहीं अपर आयुक्त अलीगढ़ मंडल डॉ कंचन शरण को अपर आयुक्त आगरा मंडल के पद पर भेजा गया है। अपर आयुक्त बरेली मंडल अरुण कुमार को अपर आयुक्त अलीगढ़ मंडल में नई तैनाती दी गयी है। अपर आयुक्त लखनऊ मंडल शीलधर सिंह यादव को विशेष सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग बनाया गया है। इसी तरह अपर आयुक्त लखनऊ मंडल रणविजय यादव को विशेष सचिव सिंचाई विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गयी है।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story