TRENDING TAGS :
UP Weather News: मौसम पर भी होली का चढ़ेगा रंग, गर्मी की तपिश को भिगो देंगे मेघा
UP Weather News: मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से नए पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तर प्रदेश में दिखायी देगा। एक बार फिर से पछुआ हवाएं चलेंगी और आसमान में भी बादलों की चहलकदमी शुरू हो जाएगी।
holi
UP Weather News: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लोगों को असहज कर रहा है। मार्च के महीने में जहां गुलाबी ठंडक का एहसास होता है। वहीं इस साल मार्च में मई-जून की गर्मी सता रही है। सुबह होते ही तेज धूप निकलने से सड़क पर लोगों का चलना मुश्किल हो गया है। तेज धूप जेठ की दोपहर जैसी महसूस हो रही है।
यूपी के दक्षिण इलाके के कई जनपदों में पारा 35 डिग्री के पार पहुंच गया। वहीं लगभग 18 जनपदों में रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज किया गया। वहीं मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों में एक बार फिर मौसम करवट बदलने वाला है। जिससे लोगों को गर्मी की तपिश से कुछ दिनों के लिए ही सही राहत तो मिलेगी ही।
आसमान में बादलों की शुरू होगी चहलकदमी
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से नए पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तर प्रदेश में दिखायी देगा। एक बार फिर से पछुआ हवाएं चलेंगी और आसमान में भी बादलों की चहलकदमी शुरू हो जाएगी। होली के दिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जतायी जा रही है। वहीं 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली पछुआ हवाओं के असर से मौसम में थोड़ी ठंडक फिर लौटेगी।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते तराई और उत्तरी पश्चिमी इलाकों में हल्की बूंदाबादी की भी संभावना है। 13 से 15 मार्च के बीच पश्चिम उत्तर प्रदेश के तराई इलाकों आगरा व बुंदेलखंड हिस्सों में गरज- चमक के साथ बूंदाबांदी के संकेत हैं। 16 मार्च को उत्तर प्रदेश में मौसम फिर पूरी तरह साफ हो जाएगा। 12 मार्च को नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। जिससे उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में तीन दिन बारिश के साथ तेज हवाएं और व्रजपात की भी संभावना है।