मध्यप्रदेश में बसपा ने दिया कांग्रेस को झटका

seema
Published on: 22 Jun 2018 6:46 AM GMT
मध्यप्रदेश में बसपा ने दिया कांग्रेस को झटका
X

लखनऊ : मध्य प्रदेश का चुनाव से पहले बहुजन समाज पार्टी ने कांग्रेस को जबर्दस्त झटका दिया। बसपा की मुखिया मायावती ने कांग्रेस को झटका देते हुए राज्य की सभी 230 सीटों पर चुनाव लडऩे का मन बनाया है। बसपा मध्य प्रदेश के अध्यक्ष नर्मदा प्रसाद अहिरवार ने इस बात का संकेत दिया है कि पार्टी अपने बलबूते राज्य में विधानसभा चुनाव में उतरेगी। अभी तक माना जा रहा था कि बसपा और कांग्रेस मिलकर विधानसभा चुनाव में उतरेंगे और ऐसे में इस चुनौती का मुकाबला करना भाजपा के लिए कठिन होगा।

अब जो सियासी तस्वीर उभर रही है उससे साफ है कि उत्तर प्रदेश की सियासत के दो प्रमुख दल बहुजन समाज पार्टी तथा समाजवादी पार्टी मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में अकेले ही मैदान में उतरेंगे। बसपा को बीते विधानसभा चुनाव में 6.29 फीसदी वोट मिले थे और पार्टी ने चार सीट जीती थी। ऐसे में भाजपा के खिलाफ बसपा व कांग्रेस का गठजोड़ निश्चित रूप से एक मजबूत गठबंधन होता।

किसी भी गठजोड़ से इनकार

मध्य प्रदेश बसपा के अध्यक्ष अहिरवार ने कहा कि बसपा केंद्रीय नेतृत्व से अभी तक कांग्रेस के साथ गठबंधन करने के बारे में कोई भी दिशानिर्देश नहीं मिला है। अहिरवार ने कहा कि हम प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। राज्य विधानसभा चुनावों में क्षेत्रीय दलों से गठबंधन की आस लगाए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को बसपा के इस कदम से भारी झटका लगा है। बसपा ने ऐलान किया है कि वह मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ कोई भी गठबंधन नहीं करेगी और इस वर्ष के अंत तक होने वाले विधानसभा चुनाव में सभी 230 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी।

मध्य प्रदेश बसपा अध्यक्ष नर्मदा प्रसाद अहिरवार ने कहा कि मुझे मीडिया से पता चला है कि कांग्रेस नेता कह रहे हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए बसपा के साथ गठबंधन के लिए कांग्रेस की बातचीत चल रही है। उन्होंने कहा कि मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि इस गठबंधन के संबंध में राज्य स्तर पर हमारी कोई बातचीत नहीं हो रही है। उन्होंने ऐसी खबरों को कोरी अफवाह बताया।

यह भी पढ़े : पीएम मोदी लाइव: किसानों से जाना फसल का हाल, किया दिक्‍कतें दूर करने का वादा

इससे पहले यूपी के कैराना लोकसभा और नूरपुर विधानसभा के चुनावी नतीजे के बाद मध्यप्रदेश में कांग्रेस की कमान संभाल रहे कमलनाथ और महासचिव सहित कई कांग्रेस नेताओं ने दावा किया था कि कांग्रेस चुनाव के पहले गठजोड़ के लिए समान विचारधारा वाले दलों के साथ बातचीत कर रही है।

कांग्रेस नेताओं ने किया था गठजोड़ का दावा

कांग्रेस नेताओं ने दावा किया था कि गठबंधन न केवल विधानसभा चुनाव बल्कि 2019 के लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठï नेता दिग्विजय सिंह ने भी कहा था कि यदि कांग्रेस और बसपा में गठजोड़ होता है तो यह दोनों दलों के लिए फायदेमंद होगा और इससे हम भाजपा को कड़ी चुनौती दे सकेंगे मगर अब बसपा प्रदेश अध्यक्ष के संकेत से कांग्रेस को झटका लगा है। माना जा रहा है कि यह भाजपा की सियासी संभावनाओं के लिए फायदेमंद साबित होगा।

पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को 44.88 फीसदी, कांग्रेस को 36.38 फीसदी जबकि बसपा को 6.29 प्रतिशत वोट मिले थे। 2013 के चुनाव में राज्य की 230 विधानसभा सीटों में भाजपा ने 165, कांग्रेस ने 58, बसपा ने 4 और अन्य ने 3 तीन सीटें जीतीं थीं।

seema

seema

सीमा शर्मा लगभग ०६ वर्षों से डिजाइनिंग वर्क कर रही हैं। प्रिटिंग प्रेस में २ वर्ष का अनुभव। 'निष्पक्ष प्रतिदिनÓ हिन्दी दैनिक में दो साल पेज मेकिंग का कार्य किया। श्रीटाइम्स में साप्ताहिक मैगजीन में डिजाइन के पद पर दो साल तक कार्य किया। इसके अलावा जॉब वर्क का अनुभव है।

Next Story