×

Etawah News: शिवपाल सामाजिक परिवर्तन रथ से राज्य में जलाएंगे पीएसपी की 'मशाल'

पीएसपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव यूपी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राज्य में भ्रमण करेंगे।

Uvaish Choudhari
Published on: 31 Aug 2021 10:34 AM GMT
Pragatisheel Samajwadi Party
X

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी की सामाजिक परिवर्तन रथ की तस्वीर (फोटो-न्यूजट्रैक)

Etawah News: प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पूरे राज्य में सामाजिक परिवर्तन रथ से भ्रमण करेंगे, जिसके लिए सैफ़ई में शिवपाल यादव का रथ बनकर तैयार हो गया है। इसके फ़ोटो सोशल मीडिया में वायरल हो रही है। सामाजिक परिवर्तन रथ तैयार किये जाने की पुष्टि करते हुए प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के इटावा अध्यक्ष सुनील यादव ने बताया कि पार्टी प्रमुख से चल रही बातचीत के मुताबिक यह रथ 15 सितंबर के आसपास उत्तर प्रदेश में भ्रमण के लिए शुरू किया जायेगा।

काफी समय से समाजवादियों को एकजुट करने की वकालत और समाजवादी पार्टी से गठबंधन की बात कर रहे शिवपाल सिंह यादव के इस रथ की तस्वीरें सामने आने के बाद कई तरह की राजनीतिक चर्चाएं आम हो गयी हैं। लेकिन इन चर्चाओं का कोई आधार नहीं दिखाई दे रहा है। इसलिए इन चर्चाओं का कोई जिक्र करना मुनासिब नहीं समझा जा रहा है।


सामाजिक परिवर्तन रथ पूरी तरह से तैयार हो चुका है। फिलहाल सैफई में एसएस मेमोरियल स्कूल परिसर के अंदर कड़ी सुरक्षा के बीच खड़ा हुआ है। इस रथ की कई फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। रथ के बाहरी ओर सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के अलावा शिवपाल, उनके बेटे आदित्य, जनेश्वर मिश्र, डॉ. राम मनोहर लोहिया और चौधरी चरण सिंह समेत समाजवादियों की तस्वीरें लगाई गई हैं।

अभी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया की तरफ से आधिकारिक तौर पर सामाजिक परिवर्तन रथ का कोई कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया है, लेकिन इस रथ को देख कर ऐसा लग रहा है कि शिवपाल सिंह यादव और उनके बेटे आदित्य यादव इस रथ के जरिए राज्य में लोगों की न केवल नब्ज को समझेंगे, बल्कि अपने पक्ष में लोगों को लाने की कोशिश करेंगे। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और उनके चाचा प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल के बीच साल 2017 सत्ता संघर्ष चल रहा है।

Raghvendra Prasad Mishra

Raghvendra Prasad Mishra

Next Story