×

Etawah news: अखिलेश यादव ने कहा, योगी सरकार के सत्ता से जाने का समय आ गया है, कई प्रमुख मुद्दों को लेकर बोला हमला

उत्तर प्रदेश इटावा में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दावा किया है..

Uvaish Choudhari
Report Uvaish ChoudhariPublished By Deepak Raj
Published on: 7 Sep 2021 10:11 AM GMT (Updated on: 7 Sep 2021 11:53 AM GMT)
SP Chief Akhilesh Yadav
X

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव मीडिया से बातचीत करते हुए

Etawah news: उत्तर प्रदेश इटावा में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी के सत्ता से उतरते ही सब कुछ ठीक हो जायेगा। जनता चुनाव का इंतज़ार कर रही है। भाजपा राज में परेशानियों को झेल चुकी जनता भाजपा को सत्ता से हर हाल में बेदखल करेगी। अखिलेश यादव आज अपने पैतृक गांव सैफई स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पर पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद मीडिया से बातचीत करते रहे थे। अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार का समय खत्म हो गया है। जनता इस बात का इंतजार कर रही है कब वोट डाले और कब सरकार को हटाए।


सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव

योगी सरकार सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन नहीं कर रही है, इससे जुड़े हुए सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सरकार सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का सम्मान करेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के किसानों की आय दुगनी नहीं हुई है, महंगाई लगातार बढ़ती चली जा रही है। उत्तर प्रदेश के नौजवान नौकरी के लिए लगातार परेशान हो रहे हैं लेकिन किसी को भी नौकरी नहीं मिल पा रही है। इसके बावजूद भी योगी सरकार लगातार ऐसा दावा कर रही है कि वह बड़ी तादाद में बेरोजगारों को नौकरी देने में जुटी हुई है, लेकिन हकीकत में ऐसा कदापि नहीं है।

भाजपा के शासनकाल में प्रदेश का विकास रुक गया है-अखिलेश

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का विकास भारतीय जनता पार्टी की सरकार में पूरी तरह से रुक गया है, आने वाले समय में भारतीय जनता पार्टी का सफाया जनता करेगी। आज सब जान गए हैं कि भाजपा ने उन्हें धोखा दिया है। अपना कोई संकल्प भाजपा ने पूरा नहीं किया। 42 प्रतिशत वोट के दावेदारी करने वाले अब बंद कमरों में प्रबुद्ध सम्मेलन कर रहे हैं। भाजपा चुनाव हारने जा रही है। जनता ने तय कर लिया है कि वह इस बार भाजपा का सफाया कर देगी। यादव ने कहा है कि किसान और बुनकर भाजपा के खिलाफ हुंकार भर रहे हैं, यह परिवर्तन की आवाजें हैं। भाजपा का सत्ता से बेदखली होना तय है। समाजवादी पार्टी की 2022 के चुनावों में बहुमत से जीत होगी।

समाजवादी सरकार बनने पर किसानों- बुनकरों को बिजली की सुविधा मिलेगी और नौजवानों के रोजगार का इंतजाम होगा। अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार से किसान-नौजवान-शिक्षक हर वर्ग नाराज हैं। कोरोना के समय सरकार ने जनता को अनाथ छोड़ दिया। लोगों को खुद दवा, आक्सीजन का इंतजाम करना पड़ा। अस्पतालों में बेड नहीं मिला। आक्सीजन की कमी से बड़ी संख्या में लोग मौत के मुंह में चले गये। इसके लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। कोरोना काल में जो हालत रही उससे देश का पूरी दुनिया में अपमान हुआ। यादव ने कहा कि आज किसानों का अधिकार छीना जा रहा है।

नए कृषि कानून से से किसानों की खेती छिन जाएगी- अखिलेश

नए कृषि कानून लागू होने के बाद किसानों की खेती छिन जाएगी और खेती खत्म हो जाएगी। भाजपा ने सरकार में आने पर किसानों की आय दुगना करने का वादा किया था लेकिन किसान की आय दुगनी होने की जगह कम हो गई। डीजल, पेट्रोल की कीमतें बढ़ गयी। मंहगाई दुगनी हो गयी। रसोईं गैस सिलेण्डर के दाम बढ़ गये हैं। भाजपा सरकार ने प्रदेश में एक यूनिट नयी बिजली नहीं बनायी। लेकिन बिजली का बिल मंहगा हो गया। आम जनता का बढ़कर बिजली का बिल आता है। सपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि भाजपा सरकार राष्ट्र की सम्पत्ति बेच रही है। सरकार की नीति ऐसी है, जिसके पास पैसा हो वह रेल, एयरपोर्ट, बीमा, बैंक, पोर्ट, सब खरीद सकता है। महंगाई, बेरोजगारी बढ़ गयी है। लोगों की जेब में पैसा नहीं है।

Deepak Raj

Deepak Raj

Next Story