×

Mainpuri By Election: अखिलेश-डिम्पल नें अलग-अलग जनसभाएं कर लोगों से मांगा समर्थन

Mainpuri By Election: अखिलेश यादव ने सोमवार को जसवंतनगर में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पूरा देश जानता है कि जसवंत नगर विधानसभा कौन सी है। जसवंतनगर जानता है कि उसको परिणाम क्या देना है।

Anant kumar shukla
Published on: 28 Nov 2022 3:29 PM GMT
Mainpuri By Election Akhilesh Dimple sought support from people by holding separate public meetings
X

Mainpuri By Election Akhilesh Dimple sought support from people by holding separate public meetings (Social Media)

Mainpuri By Election: समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी एवं पूर्व सांसद डिंपल यादव ने सोमवार को करहल विधानसभा में विभिन्न जनसभाएं कर कहा कि इस बार हमें सोच समझकर वोट करना है। क्या काम हो रहे हैं? क्या हमें नौकरियां मिल रही हैं? क्या हमारे किसानों को सही कीमत में डीएपी मिल रहा है? कहीं किसी का दमन या शोषण तो नहीं हो रहा। इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए ही सबको वोट करना है। मुझे उम्मीद है कि जिस तरह से ये समाजवादी गढ़ रहा है उसी तरह हम सब मिलके समाजवादी पार्टी को जिताएंगे। मैंने मैनपुरी को अपना परिवार माना है। जहां आप सबने नेताजी को सम्मान देने का काम किया, वहीं नेताजी ने भी अपना तन मन धन सब लगा दिया।

डिम्पल यादव ने आज प्रचार अभियान के दौरान भोगांव विधानसभा क्षेत्र में सुल्तानगंज ब्लॉक के विभिन्न गांवों में मतदाताओं से जनसम्पर्क करते हुए कहा कि 5 दिसम्बर 2022 को मतदान में लोगों का समर्थन माना। उन्होने कहा कि यहां के हर व्यक्ति से नेताजी का निकट सम्बंध रहा है। समाजवादी पार्टी की सरकार ने इस क्षेत्र में बहुत काम किया है। यहां के लोगों को भाजपा भटका नहीं सकती है। नेताजी को यहां के लोगों ने हमेशा सम्मान दिया है। मैनपुरी के नौजवान, बुजुर्ग तथा महिलाएं नेताजी को कभी नहीं भूलेंगे।


डिम्पल ने आज गांव अहिरवा, गांव नगला दीया में नुक्कड़ सभाएं की। गांव जमथरी, गांव सुल्तानगंज, बिछवां कस्बा, गांव देवगंज, गांव नगला मितकर, गांव हन्नूखेड़ा और गांव बलारपुर चौराहा पर ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा यहां के मतदाताओं से हमें बहुत प्यार और सम्मान मिल रहा है। उन्होंने कहा कि नेताजी के आदर्शों और विचारों पर चलकर मैनपुरी के विकास को आगे बढ़ाएंगे।


अखिलेश ने कहा

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को जसवंतनगर में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पूरा देश जानता है कि जसवंत नगर विधानसभा कौन सी है। जसवंतनगर जानता है कि उसको परिणाम क्या देना है। परिणाम कुछ भी हो लेकिन यहां की जनता उसे अपने पक्ष में करना जानती है। सब मन बनाकर बैठे हैं कि जब वोट पड़ेगा तो सबसे तेज़ रफ्तार में साइकिल चलेगी।


कोई कुछ भी कोशिश कर ले लेकिन यहां के लोगों के दिल से कोई नेताजी को निकाल नहीं सकता। जब नेताजी को पुरानी बातें याद आ जाती थीं तो वो सैफई और जसवंतनगर के बारे में ही बताते थे। यहां के बुजुर्ग लोग कदम से कदम मिलाकर नेताजी के साथ चले होंगे। नेताजी के खिलाफ कैसे भी प्रत्याशी आए हो यहां के कार्यकर्ताओं ने नेताजी को सम्मान दिलाकर जिताया है। हम लोग अगर कहें कि," जिसका जलवा कायम है", सबको पता होता कि इसके बाद क्या बोलना है। उन्होंने कहा कि हल्ला बोल का नारा पुराना है लेकिन जब बोलने के बाद नेताजी का नाम लेते थे तभी वो पूरा होता था।


उन्होने कहा कि हम तो कभी आपके बीच वोट मांगने भी नही आए। लेकिन जो नेताजी की विरासत है उसके हकदार हम सभी हैं। जो नेताजी ने रास्ता दिखाया, जो समाजवादी आंदोलन उन्हें हमे सिखाया, वही रास्ता है जो गरीबों और किसानों को आगे बढ़ा सकता है। ये तो वो क्षेत्र हैं जहां बीहड़ भी है। ना जाने कितने संघर्शों के बाद यहां विकास दिखाई दे रहा है। हमारी आपकी जिम्मेदारी बनती है कि इसे और आगे ले जाना का काम करे। अखिलेश नें कहा कि अगर परिवार अलग - अलग है तो आरोप लगाते हैं कि देखो ये लोग परिवार एक नहीं कर पा रहें। जब परिवार एक हो जाए तो कहते हैं कि ये लोग परिवारवादी हैं। इस भाजपा की बीमारी का कोई इलाज नहीं है। इनका यही इलाज है कि ज्यादा से ज्यादा वोट डालकर इन्हें हराते रहे।

Anant kumar shukla

Anant kumar shukla

Content Writer

अनंत कुमार शुक्ल - मूल रूप से जौनपुर से हूं। लेकिन विगत 20 सालों से लखनऊ में रह रहा हूं। BBAU से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन (MJMC) की पढ़ाई। UNI (यूनिवार्ता) से शुरू हुआ सफर शुरू हुआ। राजनीति, शिक्षा, हेल्थ व समसामयिक घटनाओं से संबंधित ख़बरों में बेहद रुचि। लखनऊ में न्यूज़ एजेंसी, टीवी और पोर्टल में रिपोर्टिंग और डेस्क अनुभव है। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर काम किया। रिपोर्टिंग और नई चीजों को जानना और उजागर करने का शौक।

Next Story