×

Lucknow News: लखनऊ में मेजर की फूंक डाली कार, दबंगों की दबंगई का वीडियो वायरल

Lucknow News: राजधानी लखनऊ में दिनदहाड़े दबंगों ने एक मेजर की गाड़ी फूंक दी। मामला गोमती नगर इलाके का है।

Krishna Chaudhary
Published on: 9 Jan 2023 6:07 AM GMT (Updated on: 9 Jan 2023 6:14 AM GMT)
Lucknow News
X

सांकेतिक तस्वीर (फोटो- सोशल  मीडिया)

Lucknow News: उत्तर प्रदेश पुलिस अपराधियों और बदमाशों में खुद का खौफ होने का लाख दावा कर ले लेकिन हकीकत कुछ और ही है। राजधानी लखनऊ में दिनदहाड़े दबंगों ने एक मेजर की गाड़ी फूंक दी। मामला गोमती नगर इलाके का है। मिली जानकारी के मुताबिक, रिहाइशी इलाके में तेज आवाज में डीजे बजाने को लेकर मेजर अभिजीत सिंह ने विरोध दर्ज कराया था। जिससे नाराज होकर दबंगों ने उनकी गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। दिनदहाड़े लखनऊ में इस तरह की दबंगई कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।

मिली जानकारी के मुताबिक, गोमती नगर में स्थित होटल मिलानो एंड कैफे में तेज आवाज में म्यूजिक बज रहा था। रिहाइशी क्षेत्र होने के कारण आसपास रह रहे लोगों को तेज आवाज से काफी दिक्कत हो रही थी। कैफे के पास में मेजर अभिजीत सिंह का भी घर है, उन्हें भी तेज आवाज से दिक्कत हो रही थी। लिहाजा उन्होंने होटल जाकर तेज आवाज में डीजे बजाने का विरोध किया।

मालिकों की शह पर लगाई आग

बताया जा रहा है कि मेजर के विरोध पर होटल मालिक भड़क गए। मेजर सिंह से उनकी इस बात को लेकर बहस भी हुई। वहां मौजूद दबंग होटल मालिकों के शह पर मेजर के घर गए और वहां खड़ी गाड़ी में आग लगा दी। देखते ही देखते पूरी गाड़ी जलकर खाक हो गई। कार से लपटें उठऩे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मेजर अभिजीत सिंह ने आगजनी का आरोप होटल मिलानो एंड कैफे के मालिकों पर लगाया है। खबर लिखे जाने तक इसमें पुलिस की ओर से की गई किसी प्रकार की कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। राज्य की राजधानी में इस तरह की गुंडागर्दी दिखाती है कि गुंडे-बदमाशों के हौंसले कितने बुलंद हो चुके हैं। लखनऊ शहर का जब ये हाल है तब प्रदेश के दूर – दराज के इलाकों में दबंगों की गुंडागर्दी का अंदाजा लगाना ज्यादा मुश्किल नहीं है।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story