UP News: DM के एक्स हैंडल से राहुल गांधी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करना पड़ा भारी, गिरफ्तार

UP News: नोएडा DM के एक्स हैंडल से राहुल गांधी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Network
Newstrack Network
Published on: 15 Sep 2024 8:00 AM GMT
UP News
X

गिरफ्तार आरोपी (Pic: Social Media)

UP News: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले के डीएम का सोशल मीडिया एक्स एकाउंट हैक करने वाले आरोपी को नोएडा थाना सेक्टर-20 पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे दिल्ली के बुराड़ी से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने डीएम के आधिकारिक एक्स हैंडल से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की थी। जिसके बाद डीएम ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने पोस्ट कर आलोचना की थी। साथ ही पवन खेड़ा ने भी कार्रवाई की मांग की थी। बताया जा रहा है कि आरोपी का नाम सोहन सिंह है। पुलिस ने आरोपी के पास से फोन भी बरामद किया है। इसी फोन से आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी।

राहुल गांधी पर की आपत्तिजनक टिप्पणी

बता दें कि विवाद की शुरुआत कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत के पोस्ट पर आपत्तिजनक कमेंट से हुआ था। कांग्रेस प्रवक्ता ने इतिहासकार अशोक पांडे के साथ बातचीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया था। जिसमें नौकरशाही के भीतर राजनीतिक पूर्वाग्रह को लेकर सवाल उठाए गए थे। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा कि, 'इतिहास बनता है और इसे बदला नहीं जा सकता। नरेंद्र मोदी जानते हैं कि इतिहास उन्हें कैसे याद रखेगा और इसीलिए वे चिंतित हैं।' इस पोस्ट पर गौतमबुद्धनगर के DM के आधिकारिक एक्स हैंडल से आपत्तिजनक कमेंट किए गए। इसे राहुल गांधी के अपमान के रूप में देखा गया। मामले को लेकर सुप्रिया श्रीनेत ने दोबारा पोस्ट करते हुए डीएम की आलोचना की। अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा कि, 'यह DM Noida हैं, पूरे जिले की जिम्मेदारी है। देश के नेता विपक्ष राहुल गांधी के बारे में इनकी भाषा और विचार ज़रूर देखे जायें। साफ है प्रशासनिक अमले में संघियों की भरमार है, और अब वो संवैधानिक पद पर बैठ कर नफरत को हवा दे रहे हैं।

डीएम ने दिया था स्पष्टीकरण

श्रीनेत के साथ ही कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने भी मुख्यमंत्री योगी, गृह मंत्री और प्रधानमंत्री को टैग करते हुए इस मामले पर सवाल किया। साथ ही कार्रवाई की मांग की। बढ़ते विवाद के बीच डीएम ने सफाई पेश की। स्पष्टीकरण में उन्होंने बताया कि उनका सोशल मीडिया एकाउंट हैक कर लिया गया था। अपने जारी किए गए बयान में उन्होंने बताया कि, 'किसी असामाजिक तत्व ने डीएम गौतमबुद्धनगर की आईडी का दुरुपयोग किया है और गलत टिप्पणी पोस्ट की है। इसे गंभीरता से लेते हुए तुरंत एफआईआर दर्ज करके कानूनी कार्रवाई की जा रही है और गलत ट्वीट/टिप्पणी की साइबर सेल द्वारा जांच की जा रही है।' इस मामले में अब जांच पूरी हो चुकी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story