×

Lucknow की मनुश्री का SGPGI में हुआ सफल ऑपरेशन,..मासूम की मदद को आगे आए Gautam Adani की हो रही वाह-वाही

Lucknow: मनुश्री का SGPGI में सफल ऑपरेशन हुआ। चार साल की इस बच्ची के दिल में छेद था। सोशल मीडिया पर चले 'मदद की मुहिम' के बाद उद्योगपति गौतम अडानी आगे आए थे।

aman
Written By aman
Published on: 16 Nov 2022 10:59 AM GMT (Updated on: 19 Nov 2022 2:43 PM GMT)
manushree successful operation in sgpgi lucknow gautam adani foundation give funds for treatment
X

उद्योगपति गौतम अडानी और मनुश्री (Social Media)  

Lucknow News : एशिया के सबसे अमीर शख्स गौतम अडानी (Gautam Adani) की मदद से एक बच्ची को 'नया जीवन' मिला है। जिंदगी और मौत से जूझ रही मनुश्री (Manushree) के लिए गौतम अडानी (Gautam Adani) किसी फरिश्ते से कम नहीं रहे। उन्होंने इस मासूम के इलाज का पूरा खर्च उठाया। जिसके बाद मंगलवार को लखनऊ के संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (SGPGI) के डॉक्टरों ने मनुश्री का सफल ऑपरेशन किया। बता दें, 4 साल की मनुश्री के दिल में छेद था। डॉक्टरों ने मनुश्री के परिजनों को जल्द से जल्द ऑपरेशन की सलाह दी थी।

अडानी समूह के चेयरमैन (Adani Group Chairman) गौतम अडानी की मदद से लखनऊ स्थित SGPGI के डॉक्टर अंकित साहू के नेतृत्व में एक टीम ने मनुश्री का सफल ऑपरेशन किया। इस वक्त बच्ची सकुशल है। परिजनों के माथे से चिंता की लकीरें अब मिट चुकी हैं। डॉक्टरों का कहना है कि, मनुश्री जल्द स्वस्थ हो जाएगी। कुछ समय के लिए उसे आराम करना होगा। फिर, वो नियमित जीवन में लौट सामान्य जीवन जी सकेगी। मनुश्री जल्द ही स्कूल जाएगी और अपने दोस्तों के साथ खेलगी।

गौतम अडानी ने बढ़ाया मदद का हाथ

लखनऊ निवासी मनुश्री 4 साल की है। कुछ तकलीफ के बाद जब उसे डॉक्टरों से दिखाया गया तो पता चला कि उसके दिल में छेद है। ऐसी रिपोर्ट किसी भी बच्चे के माता-पिता को झकझोरने के लिए काफी थी। मनुश्री के परिजन भी चिंतित हो गए। उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि, इलाज कैसे होगा? SGPI डॉक्टरों ने ऑपरेशन का खर्च 1.25 लाख बताया था। जिसका पता चलते ही कुछ लोग इस बच्ची की मदद के लिए आगे आए। उन्होंने सोशल मीडिया का सहारा लिया और फिर अपील की। ये खबर देश के मशहूर उद्योगपति गौतम अडानी तक पहुंची। उन्होंने एक झटके में बिना देर किए मनुश्री के इलाज का पूरा खर्च उठाने की पेशकश की। साथ ही, अडानी ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट (Gautam Adani Tweet) कर ऐसी बात कही, जिसके बाद यूजर्स उनकी तारीफ कर रहे हैं।

माता-पिता ने गौतम अडानी और डॉक्टरों का जताया आभार

ऑपरेशन के बाद मनुश्री अब ठीक हैं। उन्हें बुधवार (16 नवंबर) को SGPGI से डिस्चार्ज कर दिया गया। बच्ची के इलाज से मनुश्री के माता-पिता बेहद संतुष्ट हैं। newstrack.com से बात करते हुए उन्होंने सर्जन डॉ. अंकित साहू और उनकी टीम का आभार जताया, जिन्होंने उनकी बेटी को नई जिंदगी दी। लेकिन, मनुश्री के पिता शशिकांत गौतम और मां तारा देवी ने तहे दिल से उद्योगपति गौतम अडानी का शुक्रिया अदा किया। पिता शशिकांत ने कहा, मुश्किल की इस घड़ी में गौतम अडानी उनके लिए भगवान बनकर आए। उन्होंने कहा, अडानी और उनकी टीम का सहयोग नहीं मिलता तो उनकी बेटी को आज 'नई जिंदगी' नहीं मिल पाती।


डॉ. अंकित साहू ने बताया मनुश्री के बारे में

मनुश्री के दिल के छेद का इलाज करने वाले सर्जन डॉ. अंकित साहू ने newstrack.com से बातचीत में पूरी प्रक्रिया को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा, 'आए दिन वो ऐसे मामलों का सामना करते हैं। डॉ. साहू लंबे समय से बच्चों के दिल के छेद की समस्या पर काम करते रहे हैं। उनसे जब मनुश्री के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, बच्ची को जन्म के साथ ही दिल में सुराख़ था। ऐसे मामलों में जो आवश्यक सलाह माता-पिता को दी जाती है, वही मनुश्री के परिजनों को भी दी गई थी। डॉ. साहू का कहना है कि ऑपरेशन के अगले दिन से मनुश्री सामान्य जीवन में लौट जाएगी। हालांकि, इस बीच कुछ सावधानियां बरतनी होगी। डॉ. साहू से जब अडानी ग्रुप के सहयोग के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ये बिलकुल नया मामला था। खर्च न उठा पाने की सूरत में परिजन किसी सरकारी मदद की सहायता से ऑपरेशन करवाते हैं। लेकिन, जिस तरह से अडानी समूह आगे आकर मदद दी वो अपने आप में अद्भुत था। इस पारकर भी मदद की जा सकती है, हमने नहीं देखा था।' मनुश्री के पिता शशिकांत गौतम और मां तारा देवी ने डॉक्टर अंकित साहू और उनकी टीम को धन्यवाद कहा।

newstrack.com सहित अन्य को धन्यवाद

वहीं, newstrack.com ने भी मनुश्री के लिए मदद के हाथ बढ़ाए। संस्थान के लोगों ने अपने एक दिन की तनख्वाह बच्ची के लिए सहायता कोष में डाला। साथ ही, newstrack.com ने भी बढ़-चढ़कर मदद की। इसके अलावा, सोशल मीडिया से जुड़े कई अन्य लोगों ने भी मदद के लिए हाथ बढ़ाया। कई पत्रकारों और जागरूक लोगों की मदद रंग लायी। हाथ से हाथ जुड़े और 4 वर्षीय बच्ची मनुश्री को एक नया जीवन मिला। मनुश्री के माता-पिता ने उनकी बेटी के लिए आगे आए सभी लोगों को दिल से धन्यवाद दिया।


सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ

सोशल मीडिया पर खबर वायरल होने के बाद मनुश्री की मदद के लिए तमाम हाथ आगे आए। मगर, सबसे पहले अडानी फाउंडेशन के लोगों ने बच्ची के के पिता से संपर्क किया और उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया। वहीं, जब बच्ची का सफल ऑपरेशन हो चुका है तो सोशल मीडिया पर लोग गौतम अडानी की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story