×

Mathura News: प्रज्ञा ठाकुर व धर्माचार्य की पत्नी के बीच हुआ विवाद, सांसद का धर्माचार्य की पत्नी पर गाली देने का आरोप

Mathura News: विवाद में सांसद ने जहां धर्माचार्य की पत्नी पर गाली देने और धर्माचार्य पर आश्रम पर कब्जा करवाने का आरोप लगाया है।

Mathura Bharti
Published on: 15 Nov 2022 7:50 AM GMT
X

प्रज्ञा ठाकुर  

Mathura News: मथुरा के थाना कोतवाली वृंदावन इलाके में स्थित भूरीवाला आश्रम में 7 अक्टूबर को हुए विवाद के मामले में घायल संतों से मिलने आईं भोपाल की भाजपा सांसद का आश्रम के नजदीक ही रहने वाले धर्माचार्य की पत्नी से विवाद हो गया। विवाद में सांसद ने जहां धर्माचार्य की पत्नी पर गाली देने और धर्माचार्य पर आश्रम पर कब्जा करवाने का आरोप लगाया है। वहीं धर्माचार्य की पत्नी ने उन पर हथियार बंद लोगों द्वारा हमला करने का आरोप लगाया है।

पुलिस ने सांसद के पीएसओ, ड्राइवर सहित 1 अन्य व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है। धर्माचार्य की पत्नी ने आरोप लगाया है कि हथियार बंद लोगों ने हमला किया है। वृंदावन के मोतीझील इलाके में धर्माचार्य नागेंद्र महाराज अपने परिवार के साथ रहते हैं। सोमवार की दोपहर बाद नागेंद्र महाराज घर पर नहीं थे। नागेंद्र महाराज की पत्नी माधुरी ने आरोप लगाया कि वह बाजार से सामान ले कर आईं। इसी दौरान गली में खड़े कुछ व्यक्तियों ने गाली देना शुरू कर दिया। माधुरी का आरोप है कि वह दौड़कर अपने घर में घुस गईं। इसके बाद गली में खड़े लोग और भूरिवाला आश्रम से आए 8 से 10 लोग पीछे पीछे उनके घर में बदनीयती से घुसने लगे। शोर सुनकर कुछ लोग मौके पर आ गए जिन्हें देखकर यह लोग भाग गए।

सांसद का आरोप धर्माचार्य की पत्नी ने की गाली गलौज

जिन लोगों पर धर्माचार्य की पत्नी ने आरोप लगाया वह लोग भूरीवाला आश्रम में आए हुए हैं और सांसद भोपाल प्रज्ञा ठाकुर के साथ रहते हैं। इस मामले में भूरीवाला आश्रम में आईं भोपाल सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने आरोप लगाया कि वह दर्शन कर वापस लौट रहीं थीं इसी दौरान रास्ते में एक तरफ बजरी पड़ी हुई थी, दूसरी तरफ एक केवल टूटी हुई थी जिससे गाड़ी फंस गई। पीएसओ केबल हटा रहे थे इसी दौरान नागेंद्र महाराज की पत्नी ने गाली देना शुरू कर दिया। काफी देर तक अनसुना किया गया लेकिन जब नाम लेकर गाली दी तो सुरक्षा कर्मियों ने इसका विरोध किया। जिसके बाद आरोप लगा दिया हमला करने आए हैं।

सांसद बोलीं वह घायल साधुओं से मिलने आईं थीं। भूरीवाला आश्रम में 7 अक्टूबर को कब्जे को लेकर हुए विवाद के बाद सांसद के पहुंचने पर सवाल खड़े हुए। सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने बताया कि वह कब्जे के दौरान आश्रम में रह रहे जिन साधुओं पर हमला किया गया उसमें घायल संत दर्शनानंद को देखने आईं थीं। इसकी सूचना पुलिस को भी है। लेकिन यहां आ कर पता चला कि आखिर चल क्या रहा है। यहां खुलेआम गुंडई हो रही है।

तीन लोगों को पुलिस ने लिया हिरासत में

धर्माचार्य की पत्नी पर हुए हमले के मामले में पहुंची पुलिस ने सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के पीएसओ मनीष भट्ट, ड्राइवर द्र्वेश के अलावा एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। पुलिस हिरासत में लिए गए तीनों लोगों को कोतवाली ले गई। नागेंद्र महाराज का कहना है कि पकड़े गए लोगों से हथियार भी बरामद हुए हैं।

सांसद ने पुलिस पर लगाया आरोप

भूरीवाला आश्रम को लेकर चल रहे विवाद के एक महीने बाद वृंदावन पहुंची सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने बताया कि यह सब पुलिस की मिलीभगत से हो रहा है। सांसद ने बताया कि इस बारे में उत्तर प्रदेश के डीजीपी को फोन कर जानकारी दे दी गई है। पूरे मामले से जल्द मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी अवगत कराया जायेगा।

यह था मामला

वृंदावन के मोतीझील इलाके में संत भूमानंद महाराज के द्वारा 40 वर्ष पहले बनवाया गया भूरीवाला आश्रम है। 2016 में आश्रम के महंत ने वसीयत लिखी जिसमें स्वामी दर्शनानंद को महंत बनाया गया। 2020 में संत भूमानंद का गोलोक वास हो गया। इसके बाद आश्रम में प्रकाशानंद और कृष्णानंद से दर्शनानंद का विवाद शुरू हो गया। 7 अक्टूबर को कुछ लोगों ने लाठी डंडों और हथियारों से आश्रम पर हमला बोल दिया। जिसमें दर्शनानंद सहित 9 लोग घायल हो गए थे। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आश्रम में कब्जा का आरोप लगाया था।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story