UP Politics: कांग्रेस ने कृष्ण की नगरी से किया चुनावी शंखनाद, अविनाश पांडेय बोले- जल्द ही राम जन्मभूमि में टेकेंगे माथा

Mathura News: अविनाश पांडेय ने कहा, 'प्रभु राम हिंदुस्तान के हर कौम, हर व्यक्ति के हृदय में बसे हैं। किसी भी कौम का व्यक्ति हो, प्रभु राम के प्रति उनके दिल में एक आस्था, एक सम्मान है। ये आस्था है अभी नहीं, सदियों से रही है। बीजेपी इस पर राजनीति कर रही।'

aman
Written By amanReport Mathura Bharti
Published on: 13 Jan 2024 11:54 AM GMT
Mathura News
X

यूपी कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय (Social Media)

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव में बीजेपी के राम मंदिर मुद्दे की काट ढूंढने की कोशिश के तहत कांग्रेस ने कृष्ण की नगरी से चुनावी शंखनाद किया। यूपी कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान जाकर उस स्थान के दर्शन किए, जहां कारागार में भगवान ने जन्म लिया था। उसके बाद संवाद कार्यक्रम में मंच से पंडित ने शंखनाद किया। कार्यक्रम की शुरुआत 'वंदे मातरम' से हुई। कांग्रेस के इस प्रयास को हिंदुत्व मुद्दे पर हिंदुओं को साधने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

कांग्रेस जिला मुख्यालयों से निकालेगी यात्रा

दूसरी तरफ, मीडिया से बात करते हुए अविनाश पांडेय ने संवाद कार्यशाला की जानकारी दी। उन्होंने कहा, 'आज हम महसूस करते हैं कि हमारे संविधान को भी बुरी तरह से कमजोर किया जा रहा है। संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही है। संवैधानिक संस्थाओं को अपना अग्रिम संगठन बनाकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) इसका दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा, हमारा उद्देश्य है कि संविधान दिवस से लेकर 30 जनवरी राष्ट्रपिता बापू महात्मा गांधी के बलिदान दिवस पर जिला मुख्यालयों पर एकत्रित होंगे। रामधुन के साथ अहिंसा, शांति और भाईचारे का संदेश लेकर यात्राएं जिला मुख्यालयों पर चलेंगी।'

अजय राय के साथ राम जन्मभूमि में माथा टेकेंगे

अविनाश पांडेय ने बताया, 'राहुल गांधी 14 फरवरी से 25 फरवरी तक उत्तर प्रदेश में रहेंगे। यहां इस जोन में आते से ही सबसे पहले हमने कृष्ण जन्मभूमि में जाकर माथा टेका। आशीर्वाद प्राप्त किया। क्योंकि यह हमारे खुद की भावनाएं नहीं, बल्कि हमारे आस्था का सवाल है। 15 तारीख को मैं, यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, प्रदीप माथुर और प्रदेश के पार्टी से जुड़े लोग राम जन्मभूमि में जाकर माथा टेकेंगे। कृष्ण जन्मभूमि से राम जन्मभूमि और 20 जनवरी को वाराणसी में काशी विश्वनाथ में माथा टेक कर 'संवाद यात्रा' के पहले चरण का समापन करेंगे।'


सपा को लेकर भ्रम पैदा किया जा रहा

यूपी कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय ने कहा, 'इंडिया गठबंधन और समाजवादी पार्टी से सीट शेयरिंग को लेकर भ्रम पैदा किया जा रहा है। जबकि, आधिकारिक तौर पर दोनों पार्टी की तरफ से कुछ नहीं कहा गया है। अखिलेश यादव स्वयं इसमें पूर्ण रूप से सहभागी हैं। जो भी चर्चाएं हैं वह विभिन्न स्तर पर बहुत ही सौहार्दपूर्ण तरीके से हो रही है। उन्होंने कहा, बीते दिनों रामगोपाल यादव और उनके साथ सहयोगियों के साथ हमने चर्चा की। 12 जनवरी को बैठक होनी थी। हमारे बीच चर्चा जारी है। इसलिए 17 जनवरी को हम फिर मिल रहे हैं। बता दूं, पिछले दो महीनों से यह प्रक्रिया सतत जारी है। बहुत ही सकारात्मक रूप से हर स्तर पर चर्चाएं हो रही है।'

कांग्रेस पदाधिकारी बयानबाजी से बचें

उन्होंने कहा, मीडिया के माध्यम से कभी-कभी अनौपचारिक रूप से कुछ वक्तव्य आ रहे हैं। तो ऐसे में मेरा यही निवेदन है कि, कांग्रेस का जिम्मेदार पदाधिकारी इस विषय में किसी प्रकार की कोई बयानबाजी ना करें। अविनाश पांडेय ने कहा, भारतीय जनता पार्टी और अलग-अलग माध्यमों से भ्रम फैलाने के प्रयास हो रहे हैं। ये नहीं चाहते कि इंडिया गठबंधन के सभी दल एक हों। लेकिन, लोकसभा चुनाव 2024 में अखिल भारतीय स्तर पर हर राज्य में, हर इकाइयों के प्रमुख लोगों से चर्चा कर, समन्वय स्थापित कर गठबंधन को मजबूत बनाया जाएगा। बीजेपी के लोकसभा उम्मीदवार के सामने इंडिया गठबंधन का एक प्रत्याशी हो, यही हमारी कोशिश है।'


प्रधानमंत्री का चेहरा कौन?

मीडिया ने जब पूछा कि, इंडिया गठबंधन की तरफ से प्रधानमंत्री का चेहरा कौन होगा? इस पर अविनाश पांडेय ने कहा, 'यह भी एक विषय है। लोगों में असमंजस और भ्रम पैदा करने की कोशिश है। इस पर इंडिया गठबंधन के सभी नेता बोल चुके हैं कि, चुनाव के बाद जो भी सहमति होगी, सामने आएगा।'

यूपी में कांग्रेस की क्या स्थिति रहेगी?

इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, कांग्रेस बहुत ही मजबूत स्थिति में रहेगी। कांग्रेस ने संघर्ष किया है। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की जड़े बहुत मजबूत हैं। मुझे खुशी इस बात की है कि कांग्रेस कमेटी की इकाई हर स्तर पर काम कर रही है। मैं बधाई देना चाहूंगा अजय राय और उनके सभी साथियों का जिनके नेतृत्व में 'यूपी जोड़ो यात्रा' सफल रही। किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं सभी को लेकर यात्रा आगे बढ़ी। हमें सकारात्मक और जोश के साथ लोगों का समर्थन मिला।

चुनाव में राम मंदिर मुद्दा कांग्रेस के ऊपर कितना हावी रहेगा?

इस सवाल के जवाब में अविनाश पांडेय ने कहा, 'प्रभु राम हिंदुस्तान के हर कौम, हर व्यक्ति के हृदय में बसे हैं। किसी भी कौम का व्यक्ति हो, प्रभु राम के प्रति उनके दिल में एक आस्था, एक सम्मान है। ये आस्था है अभी नहीं, सदियों से रही है। उनके हर सांस में राम बसे हुए हैं। वहीं, उनका आरोप है कि बीजेपी प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को माध्यम बनाकर धार्मिक उन्माद पैदा करने की कोशिश कर रही है। इसका राजनीतिकरण किया जा रहा है। समाज में ध्रुवीकरण की कोशिश है। यह बहुत दुख की बात है। प्रभु राम के चरण में हर बार जब भी मौका मिलता है, हम जाकर माथा टेकते हैं। चाहे वह 15 तारीख हो या 22 या 25 हो।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story