×

Mathura: पुलिस कस्टडी से फरार अपराधी मुठभेड़ में ढेर, दुष्कर्म और लूट का था आरोप

Mathura: महावन थाना क्षेत्र के दलौता-सेई मार्ग पर पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गयी। मुठभेड़ में बदमाश मारा गया। आईजी आगरा के स्तर से उस पर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया था।

Shishumanjali kharwar
Published on: 1 Jun 2024 5:59 AM GMT
mathura news
X

मथुरा में पुलिस कस्टडी से फरार अपराधी मुठभेड़ में ढेर (सोशल मीडिया)

Mathura News: बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म और लूट का आरोपी मनोज उर्फ उत्तम शुक्रवार को पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। मनोज के फरार होने के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इस दौरान महावन थाना क्षेत्र के दलौता-सेई मार्ग पर पुलिस और बदमाश मनोज के बीच मुठभेड़ हो गयी। मुठभेड़ में बदमाश मारा गया। शुक्रवार को बदमाश मनोज के पुलिस कस्टडी से फरार होने के बाद आईजी आगरा के स्तर से उस पर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया था।

मुखबिर की सूचना पर थाना महावन व शेरगढ़ पुलिस व एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लौहालारी माता देवी मंदिर के पास बदमाश को घेर लिया। पुलिस को देखते ही बाइक पर सवार अपराधी ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में वह मनोज ढेर हो गया। उल्लेखनीय है कि दुष्कर्म और लूट के अभियोग में वांछित शेरगढ़ का रहने वाल मनोज उर्फ उत्तम पुत्र चंद्रभान को मुखबिर की सूचना पर जगदीशपुर अंडरपास, यमुना एक्सप्रेस-वे पर घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया था।

घेराबंदी के दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग झोंक दिया है। पुलिस की फायरिंग में मनोज के पैरों में गोली लग गयी थी। पुलिस ने उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। शुक्रवार सुबह आरोपी की मां भी अस्पताल पहुंच गई थी। सुबह 11 बजे मनोज शौच के लिए गया था। शौचालय के बाहर खड़े हेड कांस्टेबल आनंद प्रताप और नेपाल सिंह वार्ड में रखी कुर्सी पर जाकर बैठ गये। दोनों पुलिसकर्मी बाहर इंतजार कर रहे थे। तभी वह पुलिस को चकमा देकर वहां से फरार हो गया।

एसओ महावन आशा चौधरी ने शहर कोतवाली में फरार मनोज व हेडकांस्टेबल आनंद प्रताप और नेपाल सिंह पर एफआईआर कराया था। एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय के मुताबिक मनोज शातिर किस्म का अपराधी था। पुलिस ने मुठभेड़ में उसे मार गिराया है। वह लिफ्ट देने के बहाने महिलाओं से दुष्कर्म व लूट की वारदात को अंजाम देता था।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story