Mathura Accident: बिजली के खंभे से टकराया पिकअप, करंट उतरने पर मची भगदड़, चालक के रौंदने से चार की मौत

Mathura Accident: हादसे में चार की मौत हो गई। इसमें दो बच्चियां और दो महिलाएं शामिल हैं। घटना के बाद चालक फरार हो गया है।

Network
Newstrack Network
Published on: 17 Oct 2024 4:56 AM GMT (Updated on: 17 Oct 2024 5:28 AM GMT)
Mathura Accident
X

Mathura Accident (Pic: Social Media)

Mathura Accident: मथुरा में आज सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। इनमें दो महिलाएं और दो बच्चियां शामिल हैं। बताया जा रहा है कि पिकअप में 25 लोग सवार थे। सभी बिहार से पलवल मजदूरी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान थाना कोसी कलां क्षेत्र में शेरगढ़ रोड पर यह हादसा हो गया। बिजली के खंभे से टकराने पर पिकअप में करंट उतर गया। कुछ लोग नीचे भी गिर गए। ड्राइवर ने करंट से बचने के लिए गाड़ी पीछे की तो गिरे हुए लोग कुचल गए। दर्दनाक हादसे के बाद चालक फरार हो गया।

चालक ने चार को रौंदा

इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की जान चली गई। इनमें दो महिलाएं और उनकी बेटियां शामिल हैं। मरने वालों की पहचान भी कर ली गई है। बिहार के गया जिला निवासी गौरी देवी (35) और निवासी की बेटी कोमल, कुंती देवी (30) और कुंती की बेटी प्रियंका (2) की पिकअप से कुचले जाने के चलते मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। इसके साथ ही कई लोग घायल भी हुए हैं। घायलों के नाम काजल, जीरा, माना, गंगा और सत्येंद्र बताए जा रहे हैं। घटना के बाद चालक फरार हो गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मजदूरी के लिए जा रहे थे पिकअप सवार

बताया जा रहा है कि पिकअप में सवार करीब 25 लोग बिहार से पलवल मजदूरी करने जा रहे थे। सभी को ईंट भट्टा पर काम करने के लिए बुलाया गया था। सभी गया से ट्रेन से अलीगढ़ पहुंचे थे। पिकअप से सभी मथुरा के कोसी जा रहे थे। इसी दौरान पिकअप अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई। पिकअप में करंट उतर गया। साथ ही टकराने के चलते कई लोग नीचे गिर गए। चालक ने तुरंत गाड़ी पिछे करनी चाही जिसमें चार लोग रौंदे गए। मौके पर सभी की मौत हो गई।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story