Mathura News: पारिवारिक कलह में महिला ने तीन बेटियों संग यमुना में लगाई छलांग, तीनों बच्चियों की मौत

Mathura News: लोगों ने बताया कि पूनम ने जिस जगह पर यमुना में छलांग लगाई, उस जगह पर पानी 5 फीट से 6 फीट रहा होगा। पूनम के कूदते ही मौके पर मौजूद लोग यमुना में उसे बचाने कूदे। लोगों ने पूनम को बचा लिया।

Mathura Bharti
Published on: 13 Feb 2024 5:21 AM GMT
Mathura News
X

मामले की जानकारी देते पुलिस अधिकारी (Newstrack) 

Mathura News: मथुरा के थाना जमुना पार इलाके में हृदय विदारक घटना सामने आयी है। एक महिला ने पारिवारिक कलह के चलते अपनी तीन बेटियों के साथ यमुना में कूद कर आत्महत्या करने का प्रयास किया, आत्महत्या के इस प्रयास में महिला को तो ग्रामीणों ने बचा लिया। लेकिन, महिला की तीन बेटियां पानी में डूबने से मौत के गाल में समा गईं। महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक डैंपियर नगर स्थित पंजाबी पेंच में रहने वाले हरिओम की 27 वर्षीय पूनम पत्नी का घर में झगड़ा हो गया। गुस्से में वह अपनी तीनों बेटियों को लेकर थाना जमुनापार इलाके में इशापुर गांव के पास फलाहारी बाबा आश्रम के पास यमुना किनारे पहुंची। पूनम पहले यमुना किनारे सोमवार की देर शाम टहलने लगी। 3 बेटियों के साथ महिला को यमुना किनारे परेशान होकर टहलते देख मौके पर मौजूद लोगों ने उससे कुछ पूछना चाहा। लोग जब तक महिला से कुछ जानकारी कर पाते उससे पहले ही पूनम ने तीनों बेटियों के साथ यमुना में छलांग लगा दी।

पानी कम होने के कारण महिला की बची जान

लोगों ने बताया कि पूनम ने जिस जगह पर यमुना में छलांग लगाई, उस जगह पर पानी 5 फीट से 6 फीट रहा होगा। पूनम के कूदते ही मौके पर मौजूद लोग यमुना में उसे बचाने कूदे। लोगों ने पूनम को बचा लिया। इसके बाद तीनों बच्चियों की तलाश की। करीब 10 मिनट बाद स्थानीय लोगों ने तीनों बेटियों को बाहर निकाल लिया। पूनम और बेटियों को बाहर निकाल लेने के बाद चारों को जिला अस्पताल भेज दिया। जिला अस्पताल में इलाज के लिए लाए गई पूनम और उसकी तीनों बेटियों को चेक करने के बाद डॉक्टरों ने 8 वर्षीय अंशिका, 6 वर्षीय वंशिका व 3 वर्षीय चारू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, पूनम का इलाज शुरू कर दिया। पूनम का पति हरिओम मोबाइल और टीवी रिपेयर का सर्विस सेंटर चलाता है।

यमुना में छलांग लगाने वाली पूनम धौलपुर राजस्थान की रहने वाली है। उसकी शादी मथुरा के हरिओम से हुई थी। बताते हैं कि पति पत्नी में अनबन बनी रहती थी। पत्नी अपने पति से बात करने वाले हर व्यक्ति को शक के नजरिए से देखती थी। घर पर हमेशा क्लेश बनी रहती थी। माना जा रहा है कि इसी वजह से पूनम ने यमुना में छलांग लगाई। यमुना में बेटियों सहित महिला के छलांग लगाने की जानकारी स्थानीय लोगों ने जमुनापार पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जानकारी करने के बाद हरिओम को सूचना दी। इसके बाद पूनम के मायके सूचना दे दी गई। एसपी सिटी अरविंद कुमार ने बताया कि महिला के मायके सूचना दे दी गई है उनके आने के बाद ही वह जो लिखकर देंगे उसके आधार पर विधिक कार्यवाही की जायेगी। फिलहाल तीनों बेटियों के शव कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिए हैं।

इतना ही नहीं पूनम को पति के सर्विस सेंटर पर काम करने वाली एक महिला से उसके अवैध संबंध है। जिसकी वजह से आए दिन झगड़ा होता थास कल भी पंचायत हुई थी, जमुनापार पुलिस चौकी में सर्विस सेंटर पर काम करने वाली महिला भी आई थी ओर बाद में महिला पूनम ने समझौता लिख कर दिया था कि अब कोई कार्यवाही नहीं चाहती। उसके बाद पूनम घर आई और आत्महत्या करने के लिए यमुना पहुंची और यह कदम उठाया ।

पूनम का यह भी आरोप है कि उसकी तीन बेटियां हैं, इसलिए पति दूसरी शादी करना चाहता है। पूनम के आचरण के चलते शादी के बाद से ही लड़के के घर वालो ने उसे अलग कर दिया था और तभी से पति पत्नी दोनो अलग रह रहे थे। महिला अपने पति का हर एक से संबंध होने का शक जाहिर करती है, जिसकी वजह से महिला के जेठ, देवर और अन्य लोग कभी भी उसके घर नही आते-जाते हैं।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story