Mathura News: मथुरा में यमुना का जलस्तर बढ़ा, दाऊजी घाट रोड तक पहुंचा पानी, लोगों में बढ़ी चिंता

Mathura News: मथुरा में यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और दाऊजी घाट रोड तक पहुंच गया है। निचले इलाके जलमग्न हो चुके हैं और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर रुख कर रहे हैं।

Amit Sharma
Published on: 6 Sept 2025 2:52 PM IST
Mathura News: मथुरा में यमुना का जलस्तर बढ़ा, दाऊजी घाट रोड तक पहुंचा पानी, लोगों में बढ़ी चिंता
X

Mathura News: मथुरा में मां यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को यमुना का जलस्तर 167.10 मीटर तक पहुंच गया। जलस्तर बढ़ने के कारण यमुना के निचले इलाके पूरी तरह से जलमग्न हो गए हैं। अब पानी सड़कों तक आ गया है, जिससे हालात चिंताजनक होते जा रहे हैं।शहर का प्रमुख दाऊजी घाट रोड, जहां कभी मोटरसाइकिलें फर्राटा भरती थीं, वहां अब यमुना का पानी बह रहा है। यही स्थिति पंचमुखी हनुमान मंदिर घाट और रामघाट क्षेत्र में भी देखने को मिल रही है। यहां सड़कों तक पानी पहुंचने से लोगों में चिंता बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को तुरंत सतर्क होकर कदम उठाने चाहिए। उनका मानना है कि पानी का स्तर सड़क के बराबर हो चुका है और यदि जल्द यातायात बंद नहीं किया गया तो किसी भी समय हादसा हो सकता है। फिलहाल प्रशासन की ओर से आवाजाही पर रोक नहीं लगाई गई है, लेकिन सुरक्षा को देखते हुए लोग इसे जोखिम भरा बता रहे हैं।

निवासियों का कहना है कि हालात अभी 2023 की बाढ़ जैसे नहीं हैं, लेकिन जिस रफ्तार से जलस्तर बढ़ रहा है, उससे खतरा टलता नजर नहीं आ रहा। यदि शाम तक पानी और बढ़ा तो स्थिति बिगड़ सकती है। कई लोग घरों से सामान सुरक्षित स्थानों पर ले जाने लगे हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बारिश और ऊपरी बांधों से छोड़े गए पानी के कारण यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को प्रशासनिक अलर्ट का पालन करना चाहिए।यमुना किनारे रहने वाले लोग अब प्रशासन से राहत और बचाव की तैयारी करने की मांग कर रहे हैं। साथ ही चेतावनी दे रहे हैं कि यदि जल्द सड़कों को बंद न किया गया तो यातायात में फंसी गाड़ियां और लोग बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।

1 / 9
Your Score0/ 9
Amit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Amit Sharma

Next Story