×

Meerut Nagar Nigam Ward No. 81: मेरठ तारापुरी वार्ड के पार्षद शहजाद, हर गरीब व असहाय व्यक्ति की सेवा करने का जज्बा है

Meerut Nagar Nigam Ward No. 81Parshad: पार्षद ने कहा अगर मैं हार भी जाउंगा तो भी जनता की सेवा ही करुंगा। क्योंकि मैं राजनीति स्वार्थ के लिए नहीं जनता की सेवा करने के लिए ही करता हूं।

Sushil Kumar
Published on: 29 Oct 2022 11:12 AM GMT
Meerut Nagar Nigam Ward No.81 Parshad
X

मेरठ नगर निगम वार्ड संख्या 81 तारापुरी के पार्षद शहजाद

Meerut Nagar Nigam Ward No. 81: नगर निगम वार्ड-81 तारापुरी के पार्षद शहजाद नगर के युवा पार्षद हैं। आजाद उम्मीदवार के रुप में उनको 2017 के चुनाव में 21.3 फीसदी मत मिले थे। 28 वर्षीय शहजाद का कहना है कि उनका राजनीति में आने का मकसद सिर्फ समाज सेवा है, जो कि वह वर्षों से कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके दिल में हर गरीब व असहाय व्यक्ति की सेवा करने का जज्बा है। पार्षद क्यों बने है? पूछे जाने पर शहजाद कहते हैं, दरअसल, मेरे क्षेत्र के पूर्व पार्षद लोगों की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं थे। क्षेत्र के लोगों मोहर लगवाने के लिये को काफी मशक्कत करनी पड़ती थी। लोगों का यह दर्द देखकर मैनें पार्षद बनने का फैसला किया। क्षेत्र के लोगों का भी मैं आभारी हूं, जिन्होंने मुझ पर विश्वास जताया। नतीजन,मैं पार्षद बन गया।

आपने पार्षद बनकर क्षेत्र के विकास के लिए क्या किया ? इस सवाल के जवाब में शहजाद कहते हैं, मेरे पांच साल के कार्यकाल के दो-ढाई साल तो कोरोना में खराब हो गए। फिर भी मेरे द्वारा करीब आठ करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए गए हैं। मैं मानता हूं। कई काम अभी अधूरे हैं। लेकिन,जनता ने अगर मुझे दोबारा मौका दिया तो मैं अधूरे कामों को पूरा करने के लिए दिन-रात एक कर दूंगा। कोई ऐसा काम भी रहा है, जिसको कराने के लिए आपने कोशिश तो बहुत की, लेकिन सफल नहीं हो सके? इस सवाल पर शहजाद कहते हैं, हां,मेरी बहुत इच्छा थी कि मैं अपने क्षेत्र में एक इंटरमीडियट स्कूल का निर्माण कराउं, क्योंकि मेरे क्षेत्र में गरीब लोग ज्यादा हैं। उनमें अपने बच्चों को प्राइवेट स्कूल में पढ़ाने की आर्थिक क्षमता नहीं है। लेकिन इंटरमीडियट स्कूल का निर्माण नहीं करा सका। जिसका मुझे गहरा अफसोस है।

इसके अलावा मैं अपने क्षेत्र के एकमात्र प्राइमरी स्कूल को बड़ा कराना चाहता था। क्योंकि यहां पर बच्चे तो अधिक हैं, लेकिन कमरों की क्षमता कम है। ऐसे में बच्चे क्लास में पास-पास में बैठते हैं। वैसे मेरे द्वारा इस स्कूल की हालत सुधारने के काफी प्रयास किये गये हैं। मसलन, पहले इस स्कूल के बच्चे कीचड़ में बैठते थे। हमने यहां टाइल्स लगवाई। स्कूल का कच्चा रास्ता पक्का बनवाया। इंटरलाकिंग कराई। आपके क्षेत्र में पानी और सीवेज व्यवस्था की स्थिति क्या है? इस सवाल के जवाब में शहजाद कहते हैं पानी की समस्या बहुत ज्यादा है। भोले की झाल का पानी फिलहाल बंद है। वर्तमान में पूरे दिन में मात्र एक-डेढ़ घंटे ही पानी आता है। पानी बहुत गंदा भी आ रहा है। शिकायत करते हैं। टीम आती हैं और चली जाती है। सुधार कुछ नहीं होता।

जनता आप से कब मिल सकती है? इस सवाल के जवाब में शहजाद कहते हैं, सुबह नौ बजे तक तो मैं फील्ड में रहता हूं। यह देखने के लिए की नगर निगम के कर्मचारी काम कर रहे हैं अथवा नहीं। इसके बाद 9 बजे से 11 बजे तक आफिस में जनता से मिलता हूं। फिर क्षेत्र के कामों को लेकर नगर निगम चला जाता हूं। वहां से लौट कर साढ़े चार बजे फिर आफिस बैठकर जनता से शाम के सात बजे तक मिलता हूं। आपका भविष्य का क्या प्लान? इस सवाल पर जोशीले अंदाज में शहजाद कहते हैं, फिर चुनाव लड़ूंगा। जीत-हार तकदीर पर है। लेकिन एक बात तय है कि अगर मैं हार भी जाउंगा तो भी जनता की सेवा ही करुंगा। क्योंकि मैं राजनीति स्वार्थ के लिए नहीं जनता की सेवा करने के लिए ही करता हूं।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story