Meerut SP MLA Rafiq Ansari: Newstrack से बोले रफीक अंसारी, सड़क से विधानसभा तक लडूंगा जनता की लड़ाई

Meerut SP MLA Rafiq Ansari: रफीक अंसारी के पड़ोस के लोंगो की मानें तो उनके घर पर सुबह से फरियादियों की लाइन लगी रहती है...

Sushil Kumar
Written By Sushil KumarPublished By Praveen Singh
Published on: 23 March 2022 2:22 PM GMT
Meerut SP MLA Rafiq Ansari
X

Meerut SP MLA Rafiq Ansari

Meerut SP MLA Rafiq Ansari: मेरठ शहर से जीत की कहानी दोहराने वाले समाजवादी पार्टी के रफीक अंसारी क्षेत्र के मुस्लिमों में ही नही बल्कि हिन्दू इलाकों में भी बहुत ही लोकप्रिय माने जाते हैं। क्षेत्र के लोंगो के सुखःदुख में उनकी मौजूदगी देखी जा सकती है। सादगी पसंद रफीक अंसारी अपनी जीत का पूरा श्रेय क्षेत्र की हिन्दू-मुस्लिम जनता को देते हैं। न्यूजट्रैक से बातचीत में वें कहते हैं, हम जनता के बीच के हैं इनके बीच में रहकर जीना-मरना चाहते हैं। मेरठ में गठबन्धन के चार उम्मीदवार जीते हैं उनमें सबसे ज्यादा वोटों से मैं जीता हूं। यह क्षेत्र की हिन्दू-मुस्लिम जनता का प्यार है।

सपा विधायक रफीक अंसारी का इंटरव्यू (SP MLA Rafiq Ansari Interview)

रफीक अंसारी के पड़ोस के लोंगो की मानें तो उनके घर पर सुबह से फरियादियों की लाइन लगी रहती है जिनमें सभी वर्ग ,धर्म,समुदाय के लोग होते हैं। रफीक इन सभी से पूरी तसल्ली से उनकी समस्याओं को सुनते हैं। बकौल रफीक अंसारी,सरकार में नही हूं। फिर भी विधायक के नाते मेरी कोशिश यही होती है कि मेरे घर आया कोई भी व्यक्ति निराश होकर ना जाए। इसलिए लोंगो की समस्याओं का समाधान कराने का पूरी ताकत और ईमानदारी से प्रयास करता हूं।

भाजपा सरकार पर भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए रफीक अंसारी कहते हैं कि जनता यह खूब महसूस करती है कि यह सरकार भेदभाव करती है। जबकि मुख्यमंत्री एक संवैधानिक पद पर है। उसका तो कोई धर्म नही है उसका तो यही धर्म होना चाहिए कि सभी जनता का काम करना है। लेकिन इस सरकार ने पहले भेदभाव किया है लेकिन मुझे उम्मीद है कि इस बार भेदभाव नही करेगी। सभी वर्गो का काम करेगी। सभी धर्मो का काम करेगी। सभी जातियों का काम करेगी। और नही करेगी तो समाजवादी पार्टी का विपक्ष बहुत मजबूत है। पूरी ताकत से विधानसभा में काम नही करने दिया जाएगा। पूरी ताकत से लड़ाई लड़ी जाएगी।

गठबन्धन का इस बार कुछ लाभ आप देख रहे हैं या नही इस सवाल के जवाब में रफीक अंसारी कहते हैं,क्यों नही जरुर मिला है। अब मेरठ को ही देखिए पहले यहां में सात विधायकों में अकेला विपक्ष का विधायक था। अब चार हैं। इसी तरह मेरठ, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, रामपुर, मुरादाबाद में हम लोग आगे बढ़े हैं। हैं। फिर आप सरकार बनाने से कैसे चूक गए। इस सवाल पर रफीक अंसारी अपने पास बैठे लोंगो की तरफ देखते हुए कहते हैं, जनता का फैसला हमारे सरमाथे पर है। हालांकि यह भी सच्चाई है कि भाजपा ने पूरी ताकत से सरकारी मशीनरी का उपयोग किया है। बहुत से सीटें ऐसी हैं कि दोबारा काउंटिंग करके हराया गया है। कम से कम ७० सीटें हैं ऐसी हरा दी हैं। और अगर ७० सीटें हमारे पास आती तो हम सरकार के बहुत करीब होते। असल में भाजपा ने पूरे प्रशासन का और पूरे शासन का पूरा इस्तेमाल किया। बहुत सारी सीटें जबरदस्ती हरवाई गईं। जबरदस्ती दोबारा काउंटिंग करके हरवाई गई। उससे उनकी मानसिकता पता चलती है कि कि भाजपा को किसी भी कीमत पर लोकतंत्र को खत्म करके सरकार बनानी थी। मेरा ही उदाहरण लें। हमें काउंटिंग खत्म होने के तीन घंटे बाद सर्टिफिकेट मिला।

आपको इस बात का कहीं मलाल नही है कि अगर गठबन्धन की सरकार आती तो आप सरकार में मंत्री बनते। इस सवाल के जवाब में मुस्कारते हुए रफीक अंसारी कहते हैं,देखों हमारा ख्बाव मंत्री बनने का नही है, हमारा ख्वाब जनता की सेवा करने का है। चाहे सरकार में मंत्री बनकर करें, या ‌फिर सड़क पर करें। चाहे विधानसभा में करें। हमारा एकमात्र मकसद जनता की सेवा करने का है। रफीक अंसारी आगे कहते हैं, विधायकों के मकान ऐसे थोड़े होते हैं। वहां तो पहले आपकी तलाशी होगी उसके बाद पहरेदार खड़े होंगे। जब एक-एक आदमी मिलेगा। हम तो जनता के बीच के हैं इनके बीच में रहकर जीना-मरना चाहते हैं। २०२४ को लेकर आपका क्या कहना है। इस सवाल पर रफीक अंसारी इतना ही कहते हैं,२०२४ के चुनाव में निश्चित रुप से बदलाव होगा।

यहां बता दें कि पार्षद से राजनीति शुरू करने वाले रफीक ने एक लाख 6 हजार 395 वोट पाकर बीजेपी के कमल दत्त शर्मा को 26 हजार वोट के अंतर से हराया है। 2017 के विधानसभा चुनाव में भी समाजवादी पार्टी के रफीक अंसारी ने चुनाव जीतकर भाजपा के कद्दावर नेता डॉक्टर लक्ष्मीकांत वाजपेयी की चुनौती को समाप्त किया था। बीजेपी उत्तर प्रदेश के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रहे लक्ष्मीकांत वाजपेयी यहां से चार बार विधायक बन चुके हैं।

सपा विधायक रफीक अंसारी का ट्विटर - Rafiq Ansari Twitter

Admin 2

Admin 2

Next Story