Meerut News: भाकियू पंचायत में बड़ा फैसला, 21 फरवरी को जिला मुख्यालय पर होगा ट्रैक्टर मार्च

Meerut News: भाकियू के मेरठ जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मुजफ्फरनगर के सिसौली में आयोजित भाकियू की पंचायत में राष्ट्रीय नेतृत्व ने इस आशय का निर्णय लिया है।

Sushil Kumar
Published on: 17 Feb 2024 12:12 PM GMT
meerut news
X

21 फरवरी को जिला मुख्यालय पर होगा ट्रैक्टर मार्च (न्यूजट्रैक)

Meerut News: भारतीय किसान यूनियन ने 21 फरवरी को जिला मुख्यालयों का घेराव करने की घोषणा की है। इसके साथ ही यह भी कहा गया है कि अगर पंजाब के आंदोलित किसानों की मांग न मानी गई तो 26-27 फरवरी को हाईवे जाम करने का प्रस्ताव संयुक्त किसान मोर्चा को दिया जाएगा। भाकियू के मेरठ जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मुजफ्फरनगर के सिसौली में आयोजित भाकियू की पंचायत में राष्ट्रीय नेतृत्व ने इस आशय का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि पंचायत में तय हुआ है कि 26 और 27 फरवरी को हरिद्वार से लेकर दिल्ली तक किसान अपने-अपने गांव के बाहर हाईवे पर ट्रैक्टर दिल्ली की तरफ मुंह कर खड़े करेंगे।

भाकियू नेता के अनुसार पंचायत में भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने 21 फरवरी को जिला मुख्यालय पर ट्रैक्टर मार्च का भी एलान किया। भाकियू नेता अनुराग चौधरी के अनुसार संयुक्त किसान मोर्चा के पिछले आंदोलन में अगुवाई कर चुकी भाकियू ने रुख तय करने के लिए आज सिसौली में पंचायत आयोजित की थी। पंचायत में पांच राज्यों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। भाकियू नेता के अनुसार पश्चिम उत्तर प्रदेश के किसान पंजाब के किसान आंदोलन पर निगाह रखे हुए हैं। हम पंजाब के किसानों के साथ हैं, जरुरी हुआ तो दिल्ली कूच करने में देर नहीं करेंगे।

बता दें कि पिछला किसान आंदोलन गाजीपुर बॉर्डर पर संयुक्त किसान मोर्चा ने दिल्ली की सीमा पर किया था। भाकियू टिकैत भी संयुक्त किसान मोर्चा का हिस्सा है। इस बार पंजाब के किसानों ने संयुक्त किसान मोर्चा अराजनैतिक के बैनर तले आंदोलन शुरू किया है। हालांकि दोनों के मुद्दे एमएसपी की गारंटी और स्वामीनाथन कमीशन की रिपोर्ट ही हैं। कहा जा रहा है कि अगर पंजाब के किसान हरियाणा से होते हुए दिल्ली की सीमा पर पहुंचे तो पश्चिम यूपी में किसान मोर्चा संभाल सकते हैं।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story