×

Meerut: नगर निगम सफाई कर्मियों की होगी भर्ती, मेरठ पहुंचे भगवत प्रसाद मकवाना ने दिए निर्देश

Meerut News: मकवाना ने कहा कि, स्वच्छकारों की बस्ती में सड़क एवं नाली निर्माण, पथ प्रकाश, सामुदायिक भवन जैसे विकास कार्य कराया जाना सुनिश्चित किया जाये।

Sushil Kumar
Published on: 16 Jan 2024 2:04 PM GMT
Meerut News
X

भगवत प्रसाद मकवाना बातचीत करते (Social Media) 

Meerut News: केंद्र सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की सेंट्रल मॉनिटरिंग कमेटी मंगलवार (16 जनवरी) को मेरठ पहुंची। कमेटी के सदस्य भगवत प्रसाद मकवाना ने नगर निगम के अधिकारी को मानक के अनुसार सफाई कर्मियों की भर्ती का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।

सर्किट हाउस में की अधिकारी व सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारी के साथ बैठक में भगवत प्रसाद मकवाना ने कहा, 'अधिकारी स्वच्छकारों को केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ दिलाएं। उन्होंने ये भी कहा कि, नगर निगम में मृतक आश्रित के लंबित मामलों का निस्तारण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने आगे कहा, सफाई कर्मियों की समस्याओं का प्राथमिकता पर निस्तारण किया जाये।'

स्वच्छकारों के लिए लगे हेल्थ चेकअप कैंप

मकवाना ने मेरठ में आउटसोर्सिंग के माध्यम से नगर निकायों में तैनात सफाई कर्मियों के वेतन भुगतान, साप्ताहिक अवकाश, उपकरण एवं न्यूनतम मजदूरी की जानकारी ली। स्वच्छकारों को मौसम के अनुसार वर्दी उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम, नगर पालिका व नगर पंचायत में कार्यरत संविदा, स्थाई तथा आउटसोर्सिंग सफाई कर्मियों की संख्या की जानकारी ली। मकवाना ने कहा कि, स्वच्छकारों के लिए समय-समय पर हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया जाये।

मकवाना बोले- स्वच्छकारों की बस्ती में मिले मूलभूत सुविधाएं

उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी से जानकारी ली। ये पता लगाया कि, कितने स्वच्छकारों को ऋण दिलाया गया है। साथ ही, कितने स्वच्छकारों को सेवायोजन हेतु प्रशिक्षण दिलाया गया है। उनकी बस्ती में कैम्प लगाकर अधिक से अधिक लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुचाये जाने के निर्देश दिये। मकवाना ने कहा कि, स्वच्छकारों की बस्ती में सड़क एवं नाली निर्माण, पथ प्रकाश, सामुदायिक भवन जैसे विकास कार्य कराया जाना सुनिश्चित किया जाये।

ये भी रहे मौजूद

इस अवसर पर नगर आयुक्त डॉ. अमित पाल शर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट अनिल कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी विकास पंखुरी जैन, विनेश मनोठिया अध्यक्ष नगर निगम सफाई कर्मचारी संघ सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story