Meerut News: किसान ने की आत्महत्या, कर्ज या वजह कुछ और पुलिस जांच में जुटी

Meerut News: मृतक के पहचान के कुछ लोगों का कहना है कि मृतक पर साहूकारों का कर्ज था। इस कारण वह काफी परेशान हो गया था। कर्ज के कारण वह लगातार दबाव में रह रहा था।

Sushil Kumar
Published on: 19 July 2024 7:51 AM GMT
Meerut News
X

सांकेतिक तस्वीर (सोशल मीडिया)

Meerut News: मेरठ में एक किसान ने आत्महत्या कर ली। चर्चा है कि किसान कर्ज से परेशान था। यह घटना जिले के थाना खरखौदा क्षेत्र के खंदावली गांव की है, जहां किसान का शव आज सुबह गांव वालों ने पेड़ से लटका देखा। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस खुदकुशी की आशंका जता रही है।

मिली जानकारी के अनुसार थाना खरखौदा क्षेत्र के खंदावली निवासी महेश गिरी पुत्र नानक चंद गिरी उम्र 48 वर्ष ने गांव के जगंल में पेड़ से लटककर फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों ने बताया महेश गिरी कल शाम घऱ से जंगल जाने की बात कह कर गए थे। फिर वापस घर नहीं लौटे। जिस पर उसकी तलाश शुरु की गई। तलाश करने पर आज सुबह महेश गिरी का शव खंदावली खरखौदा संपर्क मार्ग पर स्थित एक खेत में शीशम के पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पुलिस पहुंच गई तथा शव को कब्जे में लिया।

मृतक के पहचान के कुछ लोगों का कहना है कि मृतक पर साहूकारों का कर्ज था। इस कारण वह काफी परेशान हो गया था। कर्ज के कारण वह लगातार दबाव में रह रहा था। यह भी पत चला है कि महेश गिरी अपनी कृषि भूमि को पहले ही बेच चुका था। कुछ दिन पहले ही उसने कर्जदारों के तकादे के कारण अपने मकान का आधा हिस्सा भी बेच दिया था। अब महेश गिरी गांव के एक व्यक्ति की जमीन ठेके पर लेकर अपना घर का खर्च चला रहा था। लेकिन, घऱ के आर्थिक हालात सुधर नहीं रहे थे। वहीं, परिवार के लोगों का कहना है कि महेश गिरी के मकान बेचने से पत्नी नाराज थी। गुस्से में वह अपने मायके उत्तराखंड चली गई। महेश गिरी पत्नी के चले जाने से परेशान था। परेशानी के चलते ही उसने आत्महत्या कर ली। बहरहाल, पुलिस घटना की जांच में जुटी है।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story