TRENDING TAGS :
Meerut News: पुलिस एनकाउंटर में इनामी हत्यारोपी के पैर में लगी गोली
Meerut News: पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक इनामी हत्या का आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसके बाद घायल बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस एनकाउंटर में इनामी हत्यारोपी के पैर में लगी गोली (न्यूजट्रैक)
Meerut News: जिले में पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक इनामी हत्या का आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसके बाद घायल बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार की सुबह यह जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) (नगर) आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि जनपद मेरठ में अपराध व अपराधियों के विरूद्व चलाये जा रहे अभियान के अन्तर्गत थाना लोहियानगर पुलिस व एसओजी मेरठ की एक संयुक्त टीम बजौट तिराहे पर जांच कर रही थी।
जांच के दौरान मुखबिर से जानकारी मिली कि 25 हजार का इनामी बदमाश उमर शौपिक्स मॉल की तरफ से मोटरसाईकिल से बजौट की तरफ आ रहा है। उमर (22) पुत्र फरमूद इलियास कल्लू 16 जून को थाना कोतवाली निवासी मोना (42) की गला काटकर हत्या कर व उसकी मां सविता पत्नी शिवस्वरुप को जान से मारने की नियत से मारपीट कर गंभीर रुप से घायल करने के मामले में वांछित था। इस मामले में थाना कोतवाली पर अज्ञात के खिलाफ धारा 302/452/307/34 भादवि में मुकदमा दर्ज किया गया था। सिंह ने बताया कि पुलिस की टीम ने बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वो भागने लगा।
पुलिस ने बदमाश का पीछा किया, तभी बजौट तिराहे के पास मार्ग पर बदमाश ने पुलिस को निशाना बनाकर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी गोलीबारी की जिसमें अभियुक्त उमर (मेरठ) पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त द्वारा मोना(42) की गला काटकर हत्या कर व उसकी मां सविता पत्नी शिवस्वरुप को जान से मारने की नियत से मारपीट कर गंभीर रुप से घायल करने की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है।
अभियुक्त हत्या के अभियोग में 25 हजार रूपये का ईनामी अभियुक्त है। इस अधिकारी के अनुसार अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी थाना परतापुर में मुकदमा दर्ज हैं। अभियुक्त के कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा व एक जिन्दा कारतूस व एक मोटरसाईकिल बिना नम्बर प्लेट बरामद हुई है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम की अगुवाई थाना लोहियानगर उप निरीक्षक सुभाष चन्द व प्रशान्त कुमार कर रहे थे।