TRENDING TAGS :
International Women Day: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस:नारी को समर्पित एक सप्ताह : सुभारती विवि की एक अनूठी पहल
International Women Day: सुभारती विश्वविद्यालय अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2025' को केवल एक दिवस के रूप में नहीं बल्कि 'महिला सप्ताह' के रूप में विशेष तौर पर मनाने जा रहा है।
Meerut Subharti University News: (Image From Social Media)
Meerut News: सुभारती विश्वविद्यालय प्रशासन ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (International Women Day) के अवसर पर नारी शक्ति को सलाम करने का विशेष अवसर करार देते बुधवार को घोषणा की कि सुभारती विश्वविद्यालय अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2025' को केवल एक दिवस के रूप में नहीं बल्कि 'महिला सप्ताह' के रूप में विशेष तौर पर मनाने जा रहा है। यह केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि 2 से 8 मार्च तक सप्ताह भर चलने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की एक पूरी शृंखला होगी ।
सुभारती विवि प्रवक्ता अनम खान शेरवानी ने इस बारे में जानकारी देते हुए आज बताया कि मेरठ में स्थित स्वामी विवेकानन्द सुभारती विश्वविद्यालय में स्थापना के समय से ही निरंतर विभिन्न सामाजिक व सांस्कृतिक विषयों से जुड़े अनेकों कार्यक्रम हर वर्ष हर माह आयोजित करने की परंपरा रही है। नारी उत्थान और सशक्तिकरण विश्वविद्यालय के मूल उद्देश्यों में से एक रहा है। लैंगिक समानता व महिला अधिकारों को लेकर जागरूकता लाने के विभिन्न प्रयास विश्वविद्यालय की ओर से समय-समय पर किये गए हैं। इसी कड़ी में विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ० शल्या राज के निर्देशन में सुभारती विश्वविद्यालय आगामी 'अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2025' को केवल एक दिवस के रूप में नहीं बल्कि 'महिला सप्ताह' के रूप में विशेष तौर पर मनाने जा रहा है। यह केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि 2 से 8 मार्च तक सप्ताह भर चलने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की एक पूरी शृंखला होगी।
प्रवक्ता के अनुसार सप्ताह भर के कार्यक्रमों की इस शृंखला के अंतर्गत सुभारती विश्वविद्यालय द्वारा स्त्री शिक्षा में उल्लेखनीय कार्य कर रहे विद्यालयों की शिक्षिकाओं व प्राचार्याओं को, महिला रोज़गार व उद्यमिता के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही महिलाओं को, और विभिन्न व्यावसायिक संस्थानों को आरंभ कर उनका सफल नेतृत्व कर रही महिला उद्यमियों को पुरस्कृत व सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान विश्वविद्यालय की अलग-अलग समितियों और संकायों द्वारा 'नेतृत्व में महिलाओं की भूमिका' विषय पर संगोष्ठी, 'विश्व को बदलने में महिला उद्यमियों की भूमिका' विषय पर जानी-मानी महिला उद्यमियों द्वारा चर्चा, महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर परिचर्चा / परिसंवाद, और महिलाओं से जुड़े आर्थिक मुद्दों और वित्तीय स्थिरता पर कार्यशाला का आयोजन किए जाने की योजना है।
प्रवक्ता ने बताया कि महिलाओं को समर्पित यह सप्ताह' सुभारती विश्वविद्यालय की ओर से एक अनूठी पहल है, जिसमें देश के सामाजिक, आर्थिक व राजनीतिक क्षेत्र की अग्रणी महिलाएं अपनी सफलता की प्रेरणादायी कहानियाँ लोगों के साथ साझा कर अपने अनुभव, उपलब्धियों व चुनौतियों के बारे में बताएंगी। इसके अतिरिक्त महिलाओं से जुड़े मुद्दों और समस्याओं के प्रति युवा पीढ़ी को जागरूक करने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय में लैंगिक समानता और महिला अधिकार जैसे विषयों पर निबंध, क्विज़, और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन भी होगा।