×

पीएम मोदी की रैली से बढ़ेगा पश्चिमी यूपी का सियासी तापमान, 2014 और 2019 में भी यहीं से फूंका था चुनावी बिगुल

PM Modi Meerut Rally: पीएम मोदी ने 2014 और 2019 में भी मेरठ से ही चुनावी बिगुल फूंका था और अब वे 2024 में भी मेरठ से ही अपने चुनाव अभियान की शुरुआत करने जा रहे हैं।

Anshuman Tiwari
Published on: 31 March 2024 3:49 AM GMT (Updated on: 31 March 2024 3:57 AM GMT)
PM Modi Meerut Rally
X

पीएम नरेंद्र मोदी (सोशल मीडिया)

PM Modi Meerut Rally: उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल गरमाने लगा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आठ लोकसभा सीटों पर पहले चरण में मतदान होना है और इसलिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज क्रांति की धरती माने जाने वाले मेरठ से भाजपा का चुनावी शंखनाद करेंगे। इस रैली के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश का सियासी तापमान और बढ़ना तय माना जा रहा है।

यह रैली इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि रालोद मुखिया जयंत चौधरी करीब 15 साल बाद दूसरी बार पीएम मोदी के साथ मंच साझा करेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस रैली में मौजूद रहकर भाजपा के चुनाव अभियान को धार देंगे। पीएम मोदी ने 2014 और 2019 में भी मेरठ से ही चुनावी बिगुल फूंका था और अब वे 2024 में भी मेरठ से ही अपने चुनाव अभियान की शुरुआत करने जा रहे हैं।

सीएम योगी और जयंत चौधरी भी रहेंगे मौजूद

मोदीपुरम स्थित केंद्रीय आलू अनुसंधान संस्थान के मैदान में आज दोपहर बाद तीन बजे होने वाली पीएम मोदी की रैली के जरिए एनडीए अपनी ताकत दिखाएगा। इस रैली को कामयाब बनाने के लिए भाजपा और रालोद के कई बड़े नेता और पदाधिकारी पिछले तीन दिनों से मेरठ में डेरा डाले हुए हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी भी शनिवार को मेरठ पहुंच गए थे और उन्होंने रैली की तैयारियों का जायजा लिया था।

यह तीसरा मौका होगा जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेरठ से चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे। इससे पहले उन्होंने 2014 और 2019 में भी मेरठ से ही चुनावी बिगुल फूंका था। इस रैली में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रालोद मुखिया जयंत चौधरी के अलावा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी हिस्सा लेंगे।

यह पहला मौका होगा जब हरियाणा के मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश की रैली में हिस्सा लेने के लिए पहुंचेंगे। मनोहर लाल खट्टर के हटने के बाद भाजपा ने हाल में ही सैनी को हरियाणा की कमान सौंपी है।

पीएम मोदी साधेंगे कई सीटों पर समीकरण

उत्तर प्रदेश में पहले चरण की लोकसभा सीटों पर नामांकन का काम समाप्त हो चुका है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आठ लोकसभा सीटों पर पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होना है। इन सीटों में सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, पीलीभीत, नगीना, रामपुर और मुरादाबाद की लोकसभा सीटें शामिल हैं।

भाजपा सूत्रों का कहना है कि आज होने वाली रैली के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेरठ और हापुड़ के अलावा इन लोकसभा सीटों पर भी भाजपा की चुनावी संभावनाओं को मजबूत बनाएंगे।

2019 में भाजपा को मिली थीं तीन सीटें

2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा पहले चरण की आठ में से सिर्फ तीन सीटों पर जीत हासिल कर सकी थी। भाजपा को सिर्फ मुजफ्फरनगर, कैराना और पीलीभीत में जीत हासिल हुई थी जबकि बाकी सीटों पर विपक्ष ने बाजी मारी थी।

ऐसे में भाजपा इस बार कोई कसर बाकी नहीं छोड़ना चाहती क्योंकि पार्टी ने प्रदेश की सभी 80 सीटों पर जीत हासिल करने का लक्ष्य तय कर रखा है।इन सीटों पर विपक्ष ने भी पूरी ताकत लगा रखी है क्योंकि जाट के साथ पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक मतदाता इन सीटों पर निर्णायक भूमिका अदा करते रहे हैं।

रालोद के सभी विधायक रहेंगे मौजूद

मेरठ में आज होने वाली इस रैली में रालोद के सभी विधायक भी मौजूद रहेंगे। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव सुखबीर सिंह गठीना ने कहा कि रैली की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और इसमें रालोद के सभी विधायकों को भी शामिल होने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस रैली में आसपास के लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की भी पूरी भागीदारी रहेगी।

पहले चरण की आठ लोकसभा सीटों के लिए अब 80 उम्मीदवार मैदान में बचे हैं। शनिवार को चार उम्मीदवारों ने अपना नामांकन वापस ले लिया। सहारनपुर से दो और कैराना व मुरादाबाद से एक-एक प्रत्याशी ने अपना नाम वापस लिया है। अब बाकी बचे 80 उम्मीदवारों में 73 पुरुष और सात महिलाएं शामिल हैं। कैराना में सबसे अधिक 14 उम्मीदवार मैदान में है जबकि रामपुर और नगीना लोकसभा सीटों पर सिर्फ छह-छह उम्मीदवार मैदान में बचे हैं।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story